रायपुर

खदानों को पाटकर हुए अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, डेढ़ एकड़ जमीन पर हुए थे कब्जे
10-Jun-2023 10:19 PM
खदानों को पाटकर हुए अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, डेढ़ एकड़ जमीन पर हुए थे कब्जे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,10 जून।  कलेक्टर ने टिकरापारा के मठपुरैना  में खाली पड़े पुराने सरकारी  गिट्टी खदानों को पाटकर बनाए गए मकान, दुकान, कॉम्पलेक्स को निगम के अमले ने पुलिस की मौजूदगी में आज तोड़ डाला, कई डेढ़ एकड़ में फैले खदानों को पाटकर भुमाफियाओं ने प्लाटिंग की थी। और उसके बाद लोगों का निर्माण कार्य जारी था। आज सुबह निगम के तोडूदस्ते ने जेसीबी की मदद से सभी निर्माण को गिरा दिया। इसमें जोन कमिश्नर रमेश जायसवाल ने कहा कि बिना प्लाटमेंट ऑर्डर के न केवल प्लाटिंग हुई, बल्कि नक्शा पास कराए बगैर मकानों का निर्माण किया जा रहा था। खदानों की यह पूरी जमीन नगर निगम की है। इसलिए यह अवैध निर्माण तोड़े गए। इससे पहले जिला कलेक्टर ने बुधवार को एक आदेश जारी कर इन खसरों में खरीदी बिक्री, निर्माण पर रोक लगा दी है । इन खदानों को पाटकर भूखंड बेच रहे कुछ लोगो अफजल खान, फैज खान अनीस खान, असफाक खान, गोविंदराम यादव, हृदय राम गोड़, और वसीम रज़ा समेत कई अन्य लोगों को नोटिस जारी किया है। वादग्रस्त भूमि पर तत्काल निर्माण कार्य रोके यथास्थिति बनाए रखने राजस्व अमले को निर्देश दिया है ।

न्यायालय अतिरिक्त तहसीलदार रायपुर के मुताबिक  पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल 25 मई को मठपुरैना, संतोषी नगर, संजय नगर के दायरे में स्थित सरकारी  माइंस की जगह अब अवैध प्लाटिंग होने का मुद्दा उठाया था।  इसी तारतम्य में  मनीष देव साहू तहसीलदार रायपुर, अतिरिक्त तहसीलदार प्रमोद कुमार पटेल तथा राजस्व निरीक्षक प्रशांत दुबे  ने  स्थल का निरीक्षण किया। खसरा नंबर 2011 में प्रयास एजुकेशन संचालित है तथा उसके सामने खदान है जिसे बाहर से बाउंड्रीवाल नगर निगम रायपुर के द्वारा बनाया गया है।

इस पर  अज्ञात व्यक्ति / व्यक्तियों द्वारा खदान को समतलीकरण करने का प्रयास किया जा रहा है तथा मठपुरैना में स्थित खसरा नंबर 201/1, 202 /1, 28, 36 शासकीय भूमि पर कई व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से छोटे-छोटे झुग्गी झोपड़ी बनाया जा रहा है। जो वर्तमान राजस्व अभिलेख में शासकीय भूमि दर्ज है। अत: उक्त खसरों में स्थित शासकीय भूमि को सुरक्षित रखने  सभी पक्षों के लिए स्थगन आदेश  जारी किया जाता है। राजस्व निरीक्षक प्रशांत दुबे, राजस्व निरीक्षक नोमेष वर्मा तथा राजस्व निरीक्षक महेश साहू के दल को निर्देशित किया जाता है।


अन्य पोस्ट