रायपुर
केंद्रीय विद्यालय नवा रायपुर में 10वीं नहीं, भवन की व्यवस्था नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मई । एक तरफ राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के बच्चों का भविष्य अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों के जरिए उत्कृष्टता से संवारने के दावे हैं तो दूसरी तरफ शासन की आंख के सामने मंत्रालय, के समीप राखी स्थित केंद्रीय विद्यालय के 50 बच्चों को अपने भविष्य की चिंता सता रही है। संकेत है कि भवन की व्यवस्था न होने के कारण 11वीं की कक्षा बंद करनी पड़ रही है।
ये बच्चे अपने अभिभावकों के साथ कभी स्कूल तो कभी कलेक्टर कार्यालय के चक्कर लगाने मजबूर हैं।
माजरा यह है कि विद्यालय के कक्षा 10वीं में इस वर्ष उत्तीर्ण छात्र छात्राओं को इस वर्ष अपनी टी सी निकालने मजबूर किया जा रहा है। इसी को लेकर छात्रों और पालकों ने 24 मई को स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य से मुलाकात की और मांग की कि आगे की कक्षाएं नया रायपुर में ही चलाई जाएं। प्राचार्य बी एस अहिरे ने बताया कि कलेक्टर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष होते हैं, उनके द्वारा आगामी कक्षाओं के लिए भवन की व्यवस्था नहीं किए जाने से यह स्थिति निर्मित हुई है।
इसके पश्चात पालक और बच्चे कलेक्टर से मिलने कलेक्टोरेट रायपुर पहुंचे, जहां 2 घंटे गर्मी में भटकने के बाद कलेक्टर डा. भूरे से भेंट हुई। उनको सारी स्थिति से अवगत कराते हुए मांग की गई कि बच्चे - बच्चियों के भविष्य को देखते हुए तत्काल आगे कक्षाओं की अनुमति दिलाते हुए व्यवस्था कराई जाए।
कलेक्टर ने केवल आश्वासन का झुनझुना थमाकर बच्चों और पालकों को लौटा दिया।
पालक जो मंत्रालय के अधिकारी कर्मचारी हैं ने बताया कि जब तक हमारे बच्चों को आगे की कक्षाओं की व्यवस्था शासन नहीं करेगा, वे चुप नहीं बैठेंगे। इसी बीच शाम को प्राचार्य ने एक नोटिस जारी कर बच्चों और पालकों को सूचित किया कि बच्चे बिलासपुर या दुर्ग केंद्रीय विद्यालयों में अपना प्रवेश करा सकते हैं। इससे आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई है। आज पालक और बच्चे प्रभारी मुख्य सचिव सुब्रत साहू और प्रमुख सचिव आलोक शुक्ला (वे चार दिन बाद सेवामुक्त हो रहे) से भेंट कर अपनी मांग से अवगत कराएंगे। पालकों ने बताया कि आवश्यकता पड़ी तो मंत्रालय और कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।अभी केंद्रीय विद्यालय राखी में एनआरडीए की नाइट शेल्टर बिल्डिंग में संचालित है।पिछले 4 साल से नई बिल्डिंग का निर्माण लगभग पूर्णता की ओर है लेकिन वहां कक्षाएं क्यों नहीं चलाना चाहते समझ नहीं आ रहा है।
सरकार के हर कदम यानी योजनाओं पर नजर रखने वाले मंत्रालय स्टाफ ने संदेह जताया कि कलेक्टर, इस भवन को सीएम द्वारा घोषित विश्व स्तरीय स्कूल को आबंटित करना चाहते हैं ।
हमने जुलाई में ही बता दिया था
इस पर प्राचार्य बीएस. अहिरे ने छत्तीसगढ़ से चर्चा मेंं कहा कि यह आज का फैसला नहीं है, हम बीती जुलाई से बच्चों,पालकों को बताते आ रहे हैं कि स्कूल प्रबंधन के समक्ष भवन की समस्या है। 11 वीं कक्षा की पढ़ाई नहीं हो पाएगी। इसकी जानकारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जिला कलेक्टर और उनके प्रतिनिधि अपर कलेक्टर साहू को भी देकर भवन की व्यवस्था का आग्रह किया था। उन्होंने भी भवन को लेकर असमर्थता जताई है। इसलिए हमारे पास कम से कम एक सत्र के लिए व्यवस्था नहीं हैं।
इस सत्र में पूरा नहीं हो पाएगा भवन
नवा रायपुर में अक्टूबर 2017 को केंद्रीय विद्यालय शुरू किया गया था। भवन उपलब्ध नहीं था इसके बाद भी इसे नाइट सेंटर बिल्ंिडग में चालू कर दिया गया। उसके बाद केंद्र सरकार ने नया भवन के लिए 18.67 करोड़ रुपये मंजूर कर निर्माण कार्य शुरू किया। पांच सालों में यह भवन अब तक अधूरा है। इसमें लगभग 35 प्रतिशत काम शेष है यानि इस सत्र तक भवन नहीं मिल पाएगा। इसलिए प्राचार्य ने यह विकल्प चुना है। स्कूल में पहली से दसवीं तक कुल 508 विद्याथी अध्यनरत हैं।