रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 मई। महापौर एजाज ढेबर एवं आयुक्त मयंक चतुर्वेदी ने बुधवार को सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक में कार्यों की समीक्षा की।
ढेबर ने कहा कि शहर में उद्यानों, तालाबों के विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य, पेयजल व्यवस्था, नालियों, नालों की सफाई व्यवस्था, सडक़ निर्माण, पेचवर्क आदि के विकास कार्य सभी विकास कार्य समयसीमा के भीतर गुणवत्तायुक्त तरीके से पूर्ण करवाना सम्बंधित अधिकारी सतत मॉनिटरिंग करते हुए सुनिश्चित करवाएं. रायपुर को सुन्दर, स्वच्छ, हरित स्मार्ट सिटी का स्वरूप शीघ्र मिल सके. महापौर ने सभी नालों एवं नालियों की सफाई शीघ्र व्यवस्थित रूप से करवाने के निर्देश दिये, ताकि मानसून में तेज बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का सामना ना करना पड़े. सभी सम्बंधित अधिकारी सफाई, पेयजल, सडक़ बत्ती के मौलिक कार्यों को नगर हित में नगरवासियों की सुविधा की दृष्टि से पहली प्राथमिकता दें।
आयुक्त मयंक चतुर्वेदी ने निर्देशित किया कि सडक़ निर्माण, नाली निर्माण, पेयजल आपूर्ति कार्य का प्रशासनिक दायित्व निर्वहन कर रहे सभी सम्बंधित निगम अधिकारीगण आपस में समन्वय रखकर यह हर हाल में पूर्व निश्चित कर लेवें कि कहीं भी राजधानी शहर रायपुर निगम क्षेत्र में सडक़ के निर्माण के पश्चात उसे नाली बनाने अथवा पाईप लाईन बिछाने के कार्यों हेतु खोदने की कदापि आवश्यकता ना पड़े. आयुक्त ने निर्देश दिये कि सडक़ निर्माण, पाईप लाईन बिछाने, नाली, नाला निर्माण एवं अन्य सभी प्रक्रियारत विकास कार्यों को सतत मॉनिटरिंग करवाते हुए 30 जून तक आवश्यक तौर पर शत - प्रतिशत रूप में पूर्ण करवा लिया जाये, इसमें किसी भी तरह का हीला - हवाला एवं लापरवाही सहन नहीं की जायेगी. महापौर एजाज ढेबर ने अप्रारम्भ एवं लंबित विकास कार्यों को तत्काल स्वीकृति लेकर प्रारम्भ करवाकर जनहित में जनसुविधा विस्तार हेतु पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।