रायपुर

झीरम हमले का दशक पूरा, सीएम ने कहा-भाजपा जांच से डर रही
23-May-2023 2:39 PM
झीरम हमले का दशक पूरा, सीएम ने कहा-भाजपा जांच से डर रही

25 को लाल बाग में बड़ी श्रद्धांजलि सभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 मई।
दलीय नेताओं पर  सबसे बड़े नक्सली हमले को  एक दशक पूरे हो रहे है, लेकिन अब तक षडय़ंत्रकारियों कि सच्चाई सामने नहीं आई है। भाजपा नेता इसे कांग्रेस के भीतर खेमेबाजी की परिणति बताते है और कांग्रेस के नेता सबूत जेब में होने की बात कहते रहे हैं लेकिन खुलासा अब तक नहीं कर पाए हैं। इस मामले में आज सीएम बघेल ने कहा कि सबूत किसे दें एनआईए तो जांच नहीं कर रही है। न ही एनआईए एसआईटी से जांच करने की अनुमति दे रही है।  बीजेपी जांच से डर रही है, और मामले को दबाना चाहती है। बघेल ने कहा अभी इस मामले में कई सवाल अधूरे हैं जिनके जवाब आने हैं। 

बहरहाल, झीरम घाटी नक्सली हमले के 10वीं बरसी के मौके पर, छत्तीसगढ़  सीएम भूपेश बघेल इस घटना में मारे गए कांग्रेसी नेताओं को श्रद्धांजलि देने बस्तर आने वाले हैं। सीएम बघेल 24 और 25 मई को बस्तर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता बस्तर पहुचेंगे। 25 को खडग़े के साथ होने वाली बैठक रद्द हो सकती है। 10 वीं  बरसी पर जगदलपुर के लालबाग में बने झीरम घाटी स्मारक में, हमले में मारे गए कांग्रेसियों और शहीद जवानो को श्रद्धांजलि देंगे।

इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सीएम पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा चुनाव में प्रचार प्रसार के लिए प्रोत्साहित करेंगे।25 मई को इस हमले के 10 साल पूरे होगे। मुख्यमंत्री समेत प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के तमाम बड़े नेता 25 मई को बस्तर पहुंचेंगे। जहां हमले में मारे गए लोगों को याद कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इससे पहले प्रियंका गांधी भी अपने बस्तर प्रवास के दौरान झीरम शहीद स्मारक में पहुंच कर मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी थी। बड़े स्तर पर होने वाले श्रद्धांजलि सभा को देखते हुए बस्तर कांग्रेस कमेटी अभी से ही आयोजन की तैयारी में जुट गयी है।

बस्तर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष और इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि श्रद्धांजलि देने के लिए खुद सीएम भूपेश बघेल बरसी के 1 दिन पहले 24 मई को शाम जगदलपुर पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होने के बाद 25 मई को लालबाग में बनाये गए झीरम घाटी स्मारक में शहीद कांग्रेसियों और जवानों को श्रद्धांजलि देंगे।
 


अन्य पोस्ट