रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 मई। डिलीवरी वैन समेत लाखों रूपये के सामान लूटने वाले फ्लिपकार्ट के पूर्व कर्मचारी सहित 2 युवकों को गिरफ्तार किया गया। इन लोगों ने कबीर नगर इलाके जरवाय के पास लूट को अंजाम दिया।
मास्टर माइंड राजू शर्मा पूर्व में ग्राम तेंदुआ स्थित फ्लिपकार्ट कंपनी में काम कर चुका है। उसने योजना बनाकर लूटा। पुलिस ने दोनों से 20 लाख रूपए का लूट का पूरा सामान एवं वैन जब्त कर लिया है।
इस मामले की सारागांव नीलकंठ साहू ने थाना कबीर नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था । वह वर्तमान में ग्राम तेंदुआ स्थित फ्लिपकार्ड के डिलीवरी वैन क्रमांक सी जी 04 एन आर 7363 या ड्राइवर है। 20-21 मई की दरम्यानी रात्रि लगभग 03:00 बजे डिलीवरी के सामान भरवाने वैन को तेंदुआ स्थित फ्लिपकार्ड कंपनी में खड़ी किया था। तडक़े लगभग 4:00 बजे ऑनलाईन शॉपिंग का सामान कीमती करीबन 10 लाख रूपये भरकर अपने भांजे धर्मेश साहू को साथ लेकर तेंदुआ से दुर्ग के लिए निकला था। इसी दौरान जरवाय स्थित ओव्हर ब्रीज के पास से गुजर रहा था कि रोड पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पत्थर रखा गया था, जिसकी वजह से वैन को धीरे किया और पत्थर हटाने खड़ा किया। उसी समय अज्ञात युवक उम्र करीबन 20-25 साल अचानक सामने आ गए। एक युवक के हाथ में फावड़ा लिए था और वैन को खड़ा करते ही शीशा को तोडऩे लगा। जिससे प्रार्थी और उसका भांजा धर्मेश घबरा गए। तब वह प्रार्थी व उसके भांजे को जबरन वैन से उतारकर डरा धमका कर प्रार्थी के जेब में रखे मोबाइल फोन को लूटा। और वैन को लूट कर फरार हो गये। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पतासाजी शुरू की।
इस दौरान घटना स्थल सहित आरोपी जिन रास्तों से फरार हुए उनमें भी लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाला । साथ ही फ्लिपकार्ड कंपनी में कार्यरत व छोड़ चुके कर्मचारियों के संबंध में भी जानकारी एकत्र कर आरोपियों को चिन्हांकित करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान पूर्व कर्मी राजू शर्मा निवासी जरवाय बस्ती के संबंध में जानकारी मिली। राजू शर्मा को पकडक़र पूछताछ करने पर उसने अपने साथी अमित खरवार आरडीए कालोनी हीरापुर के साथ मिलकर लूट स्वीकारा। इसके बाद अमित खरवार को भी पकड़ा गया। दोनों से पूरा माल बरामद कर लिया गया है।


