रायपुर

महीनेभर से नहीं मिल रही ब्रांडेड शराब, आय घटी
21-May-2023 4:58 PM
महीनेभर से नहीं मिल रही ब्रांडेड शराब, आय घटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 मई। राजधानी के शौकिनों को पखवाड़ेभर से  सरकारी शराब दूकानों में ब्रांडेड शराब नहीं मिल रही है।

जानकारों ने बताया कि ईडी के शराब कारोबार पर निगरानी बढ़ाने के बाद से देशी-विदेशी शराब की सप्लाई पर खासा असर पड़ा है। महीनेभर से अधिक समय से आई विदेशी शराब से भरे ट्रक पिछले सप्ताह ही अनलोड हुआ था।

आबकारी निगम व विभाग के अफसर, दूकानों के सेल्समैन सुपरवाइजर तक सभी पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर के रोजाना चक्कर लगा रहे हैं। इससे सप्लाई प्रभावित हो रही है। शौकीन ने बताया कि लाखेनगर, आश्रम, जयस्तंभ, पंडरी की प्रीमियम दूकानों में आरएस, आरसी, नंबर-1, आईबी ब्रांड की शराब उपलब्ध नहीं हो रही। कई दूकानों में तो गोवा ब्रांड भी नहीं मिल रही। गोवा ब्रांड कुछ लो क्वालिटी की बताई जाती है। संतोषी नगर (गोकुल नगर) दुकान में तो अंग्रेजी शराब बिल्कुल नहीं। वीकेएंड पर बीते 10 दिनों से लाखेनगर, भाटागांव, संतोषी नगर, मालवीय रोड  में तो देशी शराब ही बिकी। यह प्रीमियम शॉप है। यहां बीयर भी नहीं मिल रही थी। भाटागांव दुकान में गोवा ब्रांड की शराब 120 की जगह 140 रूपए में बड़ी मुश्किल से दी जा रही है। सेल्समैन इसके बजाए दुसरे ब्रांड की शराब बेच रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि गोवा ब्रांड की पांच बोतल मांगने पर दो या तीन ही दी जा रही है। पूरा मांगने पर सेल्समैन मारपीट करने पर उतारू होते हैं। एक-एक बोतल ब्रांडेड शराब के लिए शौकीनों को पुलिस से लेकर राजनेताओं से फोन करवाने पड़ रहे हैं। बहरहाल शौकीनों का कहना है कि ईडी की पड़ताल जारी रहने तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। इस वजह से शहर के मुख्य मार्गों पर शनिवार-रविवार को इन दुकानों के सामने लगने वाली भीड़ अब दो-चार लोगों तक सिमट गई है। इसके चलते वित्त वर्ष के इन शुरूआती महीनों में आबकारी निगम के कारोबार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।


अन्य पोस्ट