रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 मई। महापौर एजाज ढेबर और निगम के यांत्रिकी, अग्निशमन, विद्युत विभाग के अध्यक्ष अजीत कुकरेजा के बीच रविवार दोनों एक- दूसरे से मिले। यह मुलाकात करीब घंटे भर तक चली। इसे लेकर निगम के राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है ।
कहा जा रहा है कि यह मुलाकात ढेबर के यहां ईडी के छापे, और उसके निगम की राजनीति में पडऩे वाले असर को लेकर हुई। कुकरेजा स्वयं मेयर के घर गए थे। वैसे निगम के पीआर विभाग से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि दोनों ने ई - बस सेवा को लेकर लंबी चर्चा की ।
कुकरेजा ने ढेबर को बताया कि15 वें वित्त आयोग के मद से राजधानी शहर रायपुर में 10 इलेक्ट्रिक बसों को जून से प्रारम्भ करने एवं लक्ष्य के अनुसार 40 इलेक्ट्रिक बसों को अगस्त 23 तक प्रारम्भ कर दिया जाएगा। कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन चंडीगढ़ की तर्ज पर सप्लायर कम्पनी से ही कराया जाएगा। इसे लेकर प्रारंभिक विचार किया।
ढेबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में इलेक्ट्रिक बसें चलाये जाने का यह पहला अवसर होगा, महापौर ने इसके लिये बस स्टॉप को हाईटेक बनाकर उनका सुव्यवस्थित सौंदर्यीकरण करवाने और लाइटिंग आदि प्रबंधन सुनिश्चित करवाने के निर्देश चर्चा के दौरान दिये हैं। दोनों ने विश्वास व्यक्त किया है कि इलेक्ट्रिक बसों के प्रारम्भ होने से यह रायपुर में वायु प्रदूषण को कारगर तरीके से नियंत्रित करने में काफी सहायक रहेगा। इससे वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने किये जा रहे व्यय में भी कमी आ सकेगी।इसके साथ इलेक्ट्रिक बसों के चलते पेट्रोल - डीजल में होने वाले खर्च भी बचेगा।


