रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मई। छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले के मामले पर घमासान मचा हुआ है. एक ओर जहां श्वष्ठ ने छत्तीसगढ़ में 2 हजार करोड़ के कथित शराब घोटाले का दावा किया है तो वहीँ कांग्रेस ने पिछले दिनों प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा कार्यकाल में 4400 करोड़ रुपये के शराब घोटाले का आरोप लगाया है। ईडी अधिकारियों से इसकी जांच की मांग की गई है। 4400 करोड़ रुपये के शराब घोटाले का आरोप लगते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के आवास का घेराव करने से पुलिस ने रोका, तो पुतला दहन किया।
एनएसयूआई अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे थे। गोस्वामी ने कहा कि, भाजपा शासनकाल में कई भ्रष्टाचार हुए, जब रमन सिंह की सरकार थी उस समय 4400 करोड़ का शराब घोटाला हुआ था। रमन सिंह ने शराब कारोबारियों को फायदा पहुँचाने के लिए 50 फीसदी कमीशन की बात हर पेटी में कही थी। इसके विरोध में हम प्रदर्शन करने आए है. हम लोग नकली नोटों का बंडल लेकर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को देने का प्रयास कर रहे हैं।
इस प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा, जिला प्रभारी आदित्य सिंह बीसेन, राष्ट्रीय संयोजक हनी बग्गा, संगठन प्रभारी हेमंत पाल, संयुक्त प्रदेश महासचिव निखिल वंजारी, प्रदेश सचिव विशाल कुकरेजा, महताब हुसैन, कुणाल दूबे, वैभव मुजेवार, अंकित शर्मा, शिवांक सिंह, प्रशांत चंद्राकर, दिव्यांश श्रीवास्तव, संदीप विश्वकर्मा, संयम सिंह, हिमांशु तिवारी के साथ-साथ सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।


