रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 मई। अवैध रूप से सेकेंड हैंड गाडिय़ों की बिक्री करने के मामले में परिवहन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। मारुति ट्रू वैल्यू के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आरटीओ ने करीब 34 गाडिय़ां जब्त की हैं। जिसमें एचडीएन ट्रू वैल्यू एजेंसी की 34 गाडिय़ां है। इनमें रायपुर के अलावा अन्य जिले जैसे-दुर्ग, महासमुंद, कोरबा समेत दूसरे जिलों की भी गाडिय़ां शामिल है।वहीं, जांच के दौरान सामने आया कि गाडिय़ों को अपने परिसर में बेचने के लिए रखा गया था।
दरअसल, 1 अप्रैल से नए नियम लागू होने के बाद परिवहन विभाग प्री ओन्ड व्हीकल के डीलर से ट्रेड लेने के लिये लगातार अपील कर रहा है।लेकिन कई डीलर बिना ट्रेड लिए ही गाड़ी बेच रहे हैं।बिना ट्रेड सर्टिफिकेट के गाड़ी बेचने वाले डीलर के खिलाफ गाडिय़ां जब्त करने के साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है।बता दें कि प्रदेश में एक अप्रैल से नए नियमों के तहत सेकेंड हैंड गाडिय़ों की खरीदी-बिक्री के लिए परिवहन विभाग से डीलरशिप लाइसेंस लेना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए लोग आवेदन भी कर रहे हैं और कुछ लाइसेंस अब तक जारी भी किए जा चुके हैं।


