रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 मई। पिछले साल मई से शुरू हुए सीएम के भेंट मुलाकात दौरों में सीएम द्वारा किए गए पालिका परिषद, नगर पंचायतों के गठन के साथ-साथ उनके चुनाव की भी तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि ये चुनाव 2024 में ही कराए जा सकेंगे। उससे पहले वार्डों का गठन, परिसीमन और आरक्षण जैसी प्रक्रियाएं पूरी होनी है। इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने आज एक बैठक आहूत कर नगरीय निकाय और पंचायतों में निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए महापौर, अध्यक्ष के निर्वाचन नियम में संशोधन, नवगठित नगर पालिकाओं और पंचायतों में परिसीमन और स्थानों के आरक्षण में जैसे विषयों पर चर्चा की। इस मौके पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डी डी सिंह, आयोग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक़, संचालक पंचायत कार्तिकेय गोयल, आयोग के उप सचिव द्वय दीपक अग्रवाल, श्रीमती अंकिता गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


