रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मई। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के आवाहन पर पूर्व घोषित कार्यक्रम अनुसार आज 15 मई से पूरे प्रदेश के पटवारी अनिश्चितकालीन आंदोलन पर प्रस्थान कर गए हैं। पदोन्नति, वेतनमान, जैसे मुख्य मांगों के लिए सभी जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन जारी है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने तूता में सभा को संबोधित कर पटवारी अपनी मांगों के लिए लंबे अरसे से संघर्षरत हैं ऐसी स्थिति में पटवारियों का प्रदेश में रिक्त राजस्व निरीक्षकों के पद पर तत्काल पदोन्नति परिवीक्षा अवधि समाप्त करने स्टेशनरी भत्ता में वृद्धि करने तथा सुसज्जित कंप्यूटर रूम उपलब्ध कराने, पटवारियों के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज करना बंद करने,जैसी 5 सूत्री मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल तथा राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल से की है। श्री झा ने कहा है चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ होने की स्थिति में है यदि पटवारियों की मांग पूरी नहीं हुई तो ग्रामीण क्षेत्रों में परेशानियों का सामना सरकार को करना पड़ेगा।
प्रमुख मांगें
वेतन बढ़ोतरी, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति, संसाधन एवं भत्ता, स्टेशनरी भत्ता,अन्य हल्के में अतिरिक्त प्रभार का भत्ता, पटवारी भर्ती के लिए योग्यता स्नातक करने, मुख्यालय निवास की बाध्यता की समाप्ति, बिना विभागीय जांच एफआइआर दर्ज न हो


