रायपुर

कांग्रेस ने शराब निर्माताओं के खिलाफ की ईओडब्लू में शिकायत
12-May-2023 7:17 PM
कांग्रेस ने शराब निर्माताओं के खिलाफ की ईओडब्लू में शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 मई। कांग्रेस नेताओं ने तथाकथित शराब घोटाला में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा शराब निर्माता कंपनियों के विरूद्ध कार्यवाही नहीं किये जाने के कारण एसीबी ईओडब्लू से इन कंपनियों की राज्य आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत की है।

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने यह  शिकायत की है। इसमें  कहा गया कि 7 मई को प्रवर्तन निदेशालय की प्रेस विज्ञप्ति तथा सोशल मीडिया में वायरल हो रहे ईडी के रिमांड नोट के अध्ययन से यह स्पष्ट दिख रहा है, कि  शराब करोबारियों को बचाते हुए, उनके बयानों के आधार पर अन्य निर्दोष लोगो को फंसाया जा रहा है। यदि प्रवर्तन निदेशालय को ऐसा लगता है, कि शराब का अवैध विक्रय किया गया है, टैक्स की चोरी की गयी है तो फिर ऐसे शराब निर्माता कंपनियों के विरूद्ध कार्यवाही क्यों नहीं की जा रही है।

अत: आपसे निवेदन है कि शराब निर्माता कंपनियों भाटिया, केडिया, वेलकम ग्रुप के विरूद्ध टैक्स चोरी एवं अवैध शराब निर्माण विक्रय एवं अन्य अनियमितताओं की जांच कर कानूनी कार्यवाही की जाए। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, नितिन भंसाली, मणी वैष्णव, सुजीत घिदौड़े, कमलनयन पटेल शामिल थे।


अन्य पोस्ट