रायपुर

सचिव और कलेक्टर से लोगों ने की शिकायत, मोवा-डीडीसिवनी सडक़ पर ठेकेदार पानी नहीं छींट रहा
11-May-2023 4:19 PM
सचिव और कलेक्टर से लोगों ने की शिकायत, मोवा-डीडीसिवनी सडक़ पर ठेकेदार पानी नहीं छींट रहा

कलेक्टर डॉ. भुरे ने छोकरा नाला सफाई कार्य का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 मई।
पीडब्लूडी सचिव सिध्दार्थ परदेशी ने कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे और अधिकारियों के साथ मोवा- दलदल सिवनी सडक़ और  सड्डू-दलदल सिवनी स्थित छोकरा नाला की सफाई का निरीक्षण किया। दोनों अफसरों  ने मोवा से दलदल सिवनी तक बन रहे लगभग 3 किलोमीटर सडक़ का निरीक्षण भी किया।इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन सडक़ पर नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव करने कहा जिससे लोगों को  धूल से परेशानी न हो।क्षेत्र के लोगों को आवागमन में असुविधा न हो इसके लिए सडक़ निर्माण कार्य को यथाशीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। यह निर्देश उन्होंने उस वक्त दिया, जब राहगीरों ने दोनों अफसरों को एकसाथ देखकर इसकी शिकायत की। 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाला से निकाले गये गाद को नाले से दूर रखें ताकि बरसात के दिनों में निकाले गए गाद पुन: नाला में न मिल जाए।
छोकरा नाला में शहर के लगभग 17 छोटे-बड़े नालों का पानी मिलता है। बरसात के दौरान अक्सर छोकरा नाला उफ़ान पर आ जाता है।इससे नाले का गंदा पानी मोहल्लों के घरों में भर जाता है। जिससे इन मोहल्लों के लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। इसके अलावा विषैले जीव-जंतुओं का भी भय बना रहता है।बारिश से सड्डू और दलदल सिवनी को जलभराव की समस्या से निजात दिलाए जाने के उद्देश्य से नगर निगम रायपुर द्वारा आगामी बरसात के पहले जेसीबी के जरिए नाला के प्रवाह क्षेत्र के लगभग 6 किलोमीटर का सिल्ट सफाई की कराई जा रही है।जिससे बारिश के पानी से नाले न उफनाएं और पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके।साफ-सफाई के बाद क्षेत्र के लोगो को जलभराव की स्थिति से मुक्ति मिलेगी।

इस मौके पर निगम के अपर आयुक्त  सुनील चंद्रवंशी,ज़ोन आयुक्त सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट