रायपुर

मेडिकल कॉलेज में फॉरेंसिक मेडिसिन में 5 एमडी सीट्स के लिये एनएमसी की हरी झंडी
10-May-2023 7:28 PM
मेडिकल कॉलेज में फॉरेंसिक मेडिसिन में 5 एमडी सीट्स के लिये एनएमसी की हरी झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 मई। राजधानी के चिकित्सा महाविद्यालय  में फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सीकोलॉजी विभाग में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिये नेशनल मेडिकल कौंसिल से लेटर ऑफ इंटेंट जारी किया है। इसके अनुसार महाविद्यालय में इसी शैक्षणिक सत्र 2023-24 से एम.डी. में अधिकतम 5 सीटों पर प्रवेश दिया जा सकेगा। इस पाठ्यक्रम के लिये महाविद्यालय के आवेदन पर एन.एम.सी. की टीम ने 5 जनवरी -23 को फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग का निरीक्षण किया था।

निरीक्षण में फैकल्टी, उनके अनुभव, शोध प्रकाशन, शिक्षण सुविधायें और उपलब्ध अधोसंरचना संतोषजनक एवं निर्धारित मापदंडों के पाये जाने पर एनएमसी ने यह नया स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की अनुमति प्रदान की है।

इस पाठ्यक्रम के प्रारंभ होने से फॉरेंसिक मेडिसिन में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की लम्बे समय से की जा रही कोशिश कामयाब हुई है। विभागाध्यक्ष  डॉ. स्निग्धा बंसल जैन और प्रोफेसर डॉ. आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में विभाग को उपलब्धि मिली है। अधिष्ठाता डॉ. तृप्ति नागरिया के नेतृत्व में इस महाविद्यालय में अब सभी 21 विभागों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों (एमडी/एमएस) में प्रवेश सीटों की संख्या 150 हो गयी है। यह सम्पूर्ण प्रदेश में सर्वाधिक है।

 महाविद्यालय के एनएमसी सेल के चेयरमैन डॉ. अरविन्द नेरल ने  बताया कि  महाविद्यालय में स्नातक (एमबीबीएस) की प्रवेश संख्या 150+30 है, वहां स्नातकोत्तर सीट्स 150 होना सराहनीय है। उन्होने बताया कि इसके अलावा न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी और पीडियाट्रिक सर्जरी में सुपरस्पेशियलिटी पाठ्यक्रम एमसीएच के लिये भी 06 सीट्स उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि  इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस के लिये प्रवेश संख्या 200 किये जाने के लिये भी एनएमसी से लेटर ऑफ इंटेंट प्राप्त हो चुका है। ईडब्ल्यूएस के लिये अनुपातिक सीटें मिलने पर यह संख्या 240 हो जायेगी जो छत्तीसगढ़ के होनहार विद्यार्थियों के लिये वरदान होंगी।


अन्य पोस्ट