रायपुर

बिना बुकिंग के रहने की सुविधा थी अनवर को होटल ग्रैंड इम्पीरिया में ?
06-May-2023 3:43 PM
बिना बुकिंग के रहने की सुविधा थी  अनवर को होटल ग्रैंड इम्पीरिया में ?

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 मई।
प्रवर्तन निदेशालय  (ईडी) ने शनिवार तडक़े करीब तीन बजे रियल एस्टेट ,होटल  कारोबारी अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया। अनवर का शराब का भी कारोबार है । उसे प्रदेश में चल रही मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी भूमिका के सबूत मिलने के बाद गिरफ्तार किया है। अनवर पिछले कई महीने से ईडी की निगाह में था । ईडी ने अनवर के  साथ एक होटल के मैनेजर  शंकर और एक कर्मचारी प्रधान को भी अपनी गिरफ्त  में लिया । तीनों  को वीआईपी रोड स्थित होटल ग्रैंड इम्पीरिया से उठाया गया। सूत्रों के मुताबिक अनवर ईडी की नजर से बचने के लिए पिछले कई दिनों से इस होटल में ही रात्रि विश्राम करता था। वह बिना किसी बुकिंग और परिचय पत्र दिए बगैर  रह रहा था। उसे समय, बे समय आने जाने की छूट थी।  यहां तक की उसके लिए होटल की रसोई  भी ओपन रहती थी। होटल के संचालक गुरू चरण होरा हैं। होरा के यहां भी पिछले वर्ष आयकर ने छापे मारकर बेनामी हिसाब किताब पकड़ा था। उसकी जांच, पूछताछ अब तक चल रही है। 

होटल में अनवर के होने की पुष्टि के बादईडी ने आज सुबह सीआरपीएफ जवानों के साथ होटल में छापा मारा गया। ईडी ने सोते हुए अनवर को उठाकर पहले  हिरासत  लिया और  फिर मेकाहारा में प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद कोर्ट में पेश किया।होटल के मैनेजर शंकर  को बिना परिचय पत्र, बुकिंग के  अनवर को रुकने की सुविधा देने के कारण हिरासत में लिया गया है। 

ईडीऔर आयकर के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक ढेबर परिवार का मूलत: बिल्डिंग डेवलपर है । ढेबर सिटी के नाम से राजधानी में एकाधिक आवासीय परिसर हैं। हाल के वर्षों में अनवर ने शराब के कारोबार में भी हिस्सेदारी बढ़ाई। एक अन्य होटल कारोबारी, और शराब के दिग्गज कारोबारी के साथ सिडिंकेट के रूप में काम कर रहा था। कोरोना काल से इसकी शुरूआत की थी।  और फिर अंतरराज्यीय स्तर पर भी शराब के कारोबार में हिस्सा लेने लगा।   पांच भाइयों के परिवार में अनवर तीसरे नंबर का है । एक भाई एजाज ढेबर ,राजधानी के महापौर हैं। वे भी ईडी,और आयकर के छापे बीते चार वर्षों से सामना कर रहे हैं। अभी अभी दो मई के बाद आज भी एजाज को ईडी अफसरों ने इंट्रोगेशन के लिए बुलाया है। सबसे बड़े भाई हनीफ ढेबर ने ईडी की कार्रवाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।

क्या आगे महिला अफसरों, कारोबारियों की बारी 
सूत्रों के अनुसार ईडी ने सीआरपीएफ से 20 सशस्त्र महिला सुरक्षा कर्मियों की मांग की है। समझा जा रहा है। आने वाले दिनों में ईडी किन्ही महिला कारोबारी, और अफसरों को घेर सकती है। इनमें से कुछ महिला अफसरों और पुरूष अफसरों की पत्नियों से  ईडी की पूछताछ पूर्व में हो चुकी है। 

पिछली नोटिस में पूछताछ के लिए नहीं गया था अनवर 
मेयर ढेबर ने राजीव भवन में प्रेस कॉफ्रेंस में यह जानकारी दी थी कि उनके घर पर ईडी की टीम नोटिस लेकर आई थी, लेकिन उनके भाई के घर बिना नोटिस के जांच की गई और सारा घर अस्त व्यस्त कर दिया गया।दो दिन पहले ढेबर को ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया था। वे अपने समर्थकों के साथ गए थे।  खबर है कि अनवर ढेबर ईडी की नोटिस पर नहीं गए थे। इसके बाद ईडी ने उन्हें शुक्रवार को देर रात गिरफ्तार किया। 
ईडी की गिरफ्तारी के बाद अनवर जब कोर्ट पहुंचा, तो उसके दोनों बेटे भी साथ थे। 


अन्य पोस्ट