रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 फरवरी। राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में बीती रात अलग-अलग जगहों पर मारपीट, लूट, चाकूबाजी और जमीन विवाद के चार मामले सामने आए हैं। पुलिस ने शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौदहापारा में बुधवार रात रक्सेल बाड़ा के पास स्वीपर कॉलोनी निवासी मोहम्मद हासिम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। 11 फरवरी की रात 8 बजे वह शंकर नगर में अजहर अली से दो माह का हिसाब कर 20 हजार नगद लेकर अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी 8.30 बजे कल्लू कैरेज के पास इकबाल गैरेज के के पास फकीरपारा की ओर जाते परिचित नियाज खान उर्फ निज्जू बाइक से आया और रास्ता रोककर 20 हजार रुपए की मांग करने लगा। मना करने पर गाली-गलौज कर उसका आईफोन छीन लिया
पैसा देने से मना करने पर आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से उसकी जांघ और कमर के पास वार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने जेब से 20 हजार रुपए लेकर फरार हो गया।
सिविल लाइन अरविंद नगर न्यू पेंशन बाड़ा निवासी नितीन सोनी ने शिकायत में बताया कि वह 11 फरवरी को सुबह 11 बजे अपने दोस्त शुभम सोनी के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी से अनंत्रा मार्ट के सामने इडली-बड़ा पार्सल लेने गया था। पार्सल लेने के बाद पैसे को लेकर ठेला संचालक से विवाद हो गया। ठेला संचालक ने पैसे नहीं देने का आरोप लगा कर गाली-गलौज की और अपने तीन साथियों को बुला लिया। इसके बाद वेे हाथ-मुक्कों, लकड़ी के डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की। मारपीट में नितीन को पसली के पास चोट आई। बीच-बचाव करने आए शुभम पर भी हमला हुआ।
धरसीवां क्षेत्र के ग्राम धनेली में मड़ई मेला के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद विवाद हो गया। ग्राम धनेली निवासी कैलाश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 12 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे बाजार चौक स्कूल के पास कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। वहां उनके मौसी के लडक़े राम निषाद और गांव के दुष्यंत साहू व प्रेम साहू के बीच विवाद हो रहा था। बीच-बचाव करने पर दुष्यंत और प्रेम साहू ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
डीडी नगर इलाके में जमीन पर बाउंड्रीवाल बनवाने को लेकर विवाद हो गया । बरसाने इन्क्लेव निवासी चैतन्य ने शिकायत में बताया कि 11 फरवरी को चंगोराभाठा शिवनगर में स्थित अपनी जमीन पर कोर्ट के आदेश से कब्जा मिलने के बाद बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य शुरू कराया था। इस दौरान मोहल्ला निवासी सुजाता बागड़े ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए गाली-गलौज की। मना करने पर उसके पति अश्वनी बागड़े और किरण देवांगन ने लेबर व सुपरवाइजर भुवन मिश्रा के साथ झूमाझटकी की। आरोपियों ने बाउंड्रीवाल गिरा दी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


