रायपुर
नवा रायपुर के टेमरी का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 फरवरी। नवा रायपुर के ग्राम टेमरी में अवैध प्लाटिंग पर प्रशासनिक अमले ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को करीब 6 एकड़ जमीन पर सडक़ और अन्य निर्माण कार्य को हटाया गया। इस पूरी कार्रवाई पर पक्षपात बरतने के भी आरोप लग रहे हैं।
बताया गया कि वीआईपी रोड के नजदीक ग्राम टेमरी में अवैध प्लाटिंग की शिकायत हुई थी। इसके बाद एनआरडीए के अफसरों ने जांच-पड़ताल की, और शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई भी की। करीब 6 एकड़ जमीन से सडक़, नाली, और अन्य निर्माण कार्य हटाए गए।
सूत्रों के मुताबिक उक्त प्लाटिंग किसी धर्मानी परिवार द्वारा की जा रही थी। हालांकि इस पूरे मामले में एनआरडीए अफसर चंद्रा जगत ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि उक्त जमीन 5-6 लोगों के नाम पर है, और सभी को अवैध प्लाटिंग की शिकायत पर नोटिस जारी भी की गई थी। बिना अनुमति के निर्माण पर सडक़-नाली निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।
बताया गया कि टेमरी में ही रायपुर के एक पूर्व पार्षद द्वारा अवैध रूप से 20 एकड़ में अवैध प्लाटिंग की शिकायत हुई है। यह कहा जा रहा है कि उक्त अवैध प्लाटिंग पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कुछ लोगों ने एनआरडीए अमले पर आरोप भी लगाए हैं।


