रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,12 फरवरी। राजधानी के खमतराई इलाके में अवैध गुटखा का जखीरा पुलिस ने बरामद किया है। बताया जा रहा है, कि यह गुटखा बिना किसी वैध दस्तावेज के भंडारण और सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई कर करीब 200 बोरियों में भरा गुटखा पकड़ा है। यह कार्रवाई नॉर्थ जोन पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की है। जब्त गुटखा की कीमत करीब 10 लाख रूपए से अधिक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को लंबे समय से अवैध गुटखा भंडारण और सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने खमतराई इलाके के यार्ड में दबिश दी। जहां से बोरियों के अंदर छिपाकर बड़ी मात्रा में गुटखा रखा मिला। मौके पर गोदाम संचालक से पूछताछ की जा रही है और गुटखा कहां से लाया गया और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जब्त गुटखा असली है या नकली, इसकी पुष्टि के लिए फूड सेफ्टी विभाग को मौके पर बुलाया गया है। गुटखे के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और मामले में जल्द खुलासा किया जाएगा।


