रायपुर
रायपुर, 12 फरवरी । राजधानी में गुरुवार को कोर्ट परिसर से दो विचाराधीन बंदियों के फरार होने से हडक़ंप मच गया। दोनों बंदियों को सेंट्रल जेल से पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। जहां आज उनकी पेशी थी। इस बीच वे पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए।जानकारी के मुताबिक फरार बंदियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के मामलों में न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल में बंद थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों बंदी कोर्ट की अभिरक्षा में थे। इसी दौरान मौका पाकर वे कोर्ट परिसर से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें आसपास नहीं पाया तो कोर्ट परिसर और आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना की सूचना तत्काल जेल प्रबंधन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार बंदियों की तलाश की जा रही है।


