रायपुर

पीड़ित जनता भगवान भरोसे, स्वास्थ्य व्यवस्था स्वयं वेंटिलेशन पर-आप
05-May-2023 7:22 PM
  पीड़ित जनता भगवान भरोसे, स्वास्थ्य व्यवस्था स्वयं वेंटिलेशन पर-आप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 मई। छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के संबंध में तमाम दावे कर भले ही अपना पीठ थपथपाएं किंतु जमीनी स्तर पर छत्तीसगढ़ राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं पूर्णता ठप है तथा पीडि़त जनता भगवान भरोसे है। प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आम आमदी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सूरज उपाध्याय एवं जिला सचिव विजय कुमार झा ने पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ध्वस्त हो गईं हैं। इसका ज्वलंत उदाहरण बालोद के ग्राम भैंसबोड़ में एक शटर लगे घर में सरकारी उपस्वास्थ्य केंद्र संचालित हो रहा है। डौंडी ब्लॉक के भर्रीटोला में अस्पताल एक स्कूल में संचालित हो रहा है। सिंघोला सामुदायिक भवन 5 सालों से सिंघोला के सरपंच जितेंद्र कुमार नेताम घर में चल रहा था, क्योंकि सरकारी भवन नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश के अस्पताल खुद वेंटिलेटर पर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत इतनी खराब है कि किसी की तबियत खराब हो जाए तो, उसे मीलों दूर जाना पड़ता है। गर्भवती महिलाओं को प्रसव की सुविधा नहीं मिल रही है। आलम यह है कि लोग निजी अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर हैं।

 राजधानी रायपुर की बात करें तो प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय अंबेडकर अस्पताल की हालत बेहद गंभीर है। 1300 बिस्तर का अस्पताल है और रोजाना 2 हजार से ज्यादा ओपीडी, लेकिन सिटी स्कैन और एमआरआई की सिर्फ एक मशीन है, जबकि रोजाना 300 से ज्यादा मरीजों को डॉक्टर एमआरआई व सोनोग्राफी जांच के लिए लिख रहे हैं, ऐसे में दिन भर में महज 20 से 25 मरीजों की जांच हो पाती है।


अन्य पोस्ट