रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 मई। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि राजीव युवा उत्थान योजना अंतर्गत राज्य के रायपुर जिला मुख्यालय में स्थित परीक्षा पूर्व केन्द्र पर 100 सीट के लिए राज्य के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को बैंकिंग भर्ती बोर्ड, रेल्वे भर्ती बोर्ड, कर्मचारी चयन आयोग, छ.ग.व्यापम इआदि के माध्यम से ली जाने वाली परीक्षाओं के लिए कोंचिग सुविधा प्रदान करने की योजना है। इस योजना के तहत वर्ष में 6-6 माह के दो प्रशिक्षण सत्र आयोजित किये जाते है। इस हेतु अभ्यर्थियों का चयन प्राक्चयन परीक्षा के माध्यम से होगा।
प्रथम 6 माह में प्राक्चयन परीक्षा में चयनित व द्वितीय 6 माह में प्रतीक्षा सूची के 100-100 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा विद्यार्थियों को एक हजार रूपये प्रतिमाह शिष्यवृत्ति उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि कोंचिग की सुविधा नि:शुल्क है। प्रशिक्षण हेतु कुल स्वीकृत सीट 100 हैं, इसमें अनुसूचित जाति के लिए 30, अनुसूचित जनजाति के लिए 50, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 20 सीट आरक्षित है। इसमें वर्गवार 33 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए सुरक्षित रहती है।


