रायपुर

छत्तीसगढ़ भीषण गर्मी की चपेट में, रातें भी गर्म गुजर रही
19-Apr-2023 2:48 PM
छत्तीसगढ़ भीषण गर्मी की चपेट में, रातें भी गर्म गुजर रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। प्रदेश के एक दर्जन भर जिले  40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तपे। इनमें सीमेंट इंडस्ट्रीज के हब बलौदाबाजार में  44.1 डिग्री दर्ज किया गया है।

इसी तरह से राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ 43 से 43.7 डिग्री रहा। बस्तर,सरगुजा के जंगलों से भरे शहर भी 40 डिग्री तक रहे। इसी तरह से रातें भी गर्म हो गई हैं। कूलर भी फेल हो रहे हैं। प्रदेश के हर शहर में बीती रात तापमान 24 से 28 डिग्री तक दर्ज किया गया। सबसे गरम रात राजधानी रायपुर की गुजरी जहां तापमान 28.3 डिग्री दर्ज है। छत्तीसगढ़ में यह तपिश उत्तर पश्चिम भारत यानी राजस्थान, गुजरात से गर्म और शुष्क हवाओं  के कारण बढ़ रही। ये हवाएं लगातार आ रही हैं।  इस वजह से प्रदेश में बुधवार को प्रदेश के उत्तर और मध्य भाग में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिण में बस्तर में  निम्न स्तर पर बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त, अपेक्षाकृत ठंडी हवाएं आने की संभावना है। इसके कारण प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है ।

 प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है।


अन्य पोस्ट