रायपुर

हनी सिंह के कार्यक्रम में रात हंगामा और मारपीट भी, फूहड़ गानों की बौछार रही
17-Apr-2023 3:19 PM
हनी सिंह के कार्यक्रम में रात हंगामा और मारपीट भी, फूहड़ गानों की बौछार रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 अप्रैल।
रविवार रात रैप सिंगर हनी सिंह कार्यक्रम में मारपीट और हंगामे की खबर है। यह भी बताया गया कि सुबह से आए हनी सिंह को देने के लिए आयोजकों के पास पैसे ही नहीं थे। देर शाम तक टिकट कलेक्शन के आए पैसे दिए तब जाकर हनी सिंह स्टेज पर आया। इस शो के आयोजक भिलाई के एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी थे।

कार्यक्रम स्थल पर बड़ी भीड़ के सामने हनी सिंह ने अपने फेमस गाने गाए। मगर स्टेज पर फूहड़ अंग्रेजी अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते हनी सिंह दिखे। लोगों की तरफ माइक करके हनी सिंह ने वो शब्द लोगों से भी बुलवाए। लोग एंट्री गेट में ही बेकाबू हो गए, कई लोग आयोजन स्थल में टिन शेड उखाडक़र मुफ्त में घुस आए। हद तो तब हो गई, जब हनी सिंह ने लोगों से उसी अश्लील शब्द से अपने गाने ब्लू आईज के कुछ शब्दों को बदल दिया, गाने के बीच में अंग्रेजी अश्लील शब्द खुद भी बोलते रहे और जनता से बुलवाते रहे।

हनी सिंह खुद उंगलियों से ऐसे इशारे करते रहे जिन्हें साइन लैंग्वेज में गाली के तौर पर देखा जाता है। रायपुर में हनी सिंह के इस कॉन्सर्ट में बहुत से नाबालिग आए हुए थे। उनके सामने स्टेज और पूरे कार्यक्रम स्थल पर लगी बड़ी-बड़ी स्क्रींस पर बिकनी पहने मॉडल्स के क्लोज शॉट दिखाए गए। इन सेमी न्यूड वीडियोज के कारण कार्यक्रम स्थल में पहुंचे बहुत से परिवार असहज महसूस करने लगे।
 


अन्य पोस्ट