रायपुर

राजधानी में बौछार, प्रदेशभर में छाए रहेंगे बादल
08-Apr-2023 3:02 PM
राजधानी में बौछार, प्रदेशभर में छाए रहेंगे बादल

गरज चमक के साथ अंधड़ और बारिश, 13 जिलों में अलर्ट जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अप्रैल।
प्रदेश में दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शनिवार को सुबह से ही काले बादल छाए रहे कहीं-कहीं  पर हल्की बारिश भी हुई। वहीं मौसम विभाग ने 13 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। पेंड्रा रोड, कोरबा, बिलासपुर, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग रायपुर और बिलासपुर में तेज आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इससे पहले कल शाम भी राजनांदगांव, रायपुर, अभनपुर, धमतरी, बिलासपुर में अच्छी बारिश हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक  प्रदेश के कुछ हिस्सों में  40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। शुक्रवार को बस्तर में बारिश हुई। वहीं कल सारंगढ़ में सर्वाधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, कबीरधाम में न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में 37.6 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। बाकी शहरों में भी सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका हवा की अनियमित गति मध्य मध्यप्रदेश से दक्षिण तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश के वातावरण के निम्न स्तर पर काफी मात्रा में नमी का आगमन लगातार जारी है। प्रदेश में 8 अप्रैल को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। वज्रपात और अंधड़ चलने की संभावना है।
 


अन्य पोस्ट