रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अप्रैल। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन कल 07अप्रैल को अपने दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे। उन्होने पूर्वान्ह ठाकरे परिसर में सभी मोर्चों की एक संयुक्त बैठक ली। इसमें सभी मोर्चा के प्रभारी, अध्यक्ष व महामंत्री शामिल रहे। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी मोर्चा प्रमुखों को मार्गदर्शन व आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक से पहले नबीन ने मीडिया से चर्चा में की। अपने शासन काल में मदरसा बोर्ड, उर्दु अकादमी का गठन करने वाली भाजपा के सह प्रभारी ने कहा कि मदरसों की बात करना बेमानी है। मदरसों में बम,बारूद और गोली की चर्चा होती है। आतंकवाद बढ़ाने की शिक्षा दी जाती है। उन्होंने कहा कि देश में गुरूकुल की शिक्षा को आगे बढ़ाना होगा।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा लिखे गए पत्र पर छत्तीसगढ़ भाजपा सह प्रभारी नितिन नवीन ने पलटवार किया है। नितिन नवीन ने कहा कि, मुख्यमंत्री डाकिया नहीं है, वो नेता प्रतिपक्ष से पूछकर मुख्यमंत्री नहीं बने हैं। वो छत्तीसगढ़ की जनता से झूठे वादे कर मुख्यमंत्री बने हैं। पहले उन्हें अपने मंत्रियों के पत्रों का जवाब देना चाहिए।
प्रियंका गांधी के दौरे पर
नितिन नवीन ने कहा कि, वे छत्तीसगढ़ आए उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। वह कांग्रेस के युवराज को भले ही राजा बनाने में लगी हो, लेकिन छत्तीसगढ़ में मां और बहने दुखी है। मां-बहनों पर अत्याचार हो रहा है। प्रदेश में शराबबंदी का वादा किया गया था, गंगाजल को हाथ में रखकर कसम खाया था, उसको भी अपवित्र कर दिया है, इसलिए छत्तीसगढ़ वासियों को प्रियंका गांधी से कोई उम्मीद नहीं है।


