रायपुर

श्रेष्ठ विश्वविद्यालय को मिलेगा चांसलर अवार्ड
05-Jan-2023 4:01 PM
श्रेष्ठ विश्वविद्यालय को मिलेगा चांसलर अवार्ड

कुलाधिपति उइके का नवाचार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जनवरी।
कुलाधिपति उइके नवाचार के तहत प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ शासकीय विश्वविद्यालय को चांसलर अवार्ड (कुलाधिपति सम्मान) शुरू करने जा रही है। इस अवार्ड की शुरूआत सत्र 2022-23 से ही हो रही है। कुलाधिपति कार्यालय ने चयन के लिए उच्च शिक्षा सचिव से तीन नामों का पैनल मांगा है।

अधिकृत सूत्रों के मुताबिक कुलाधिपति की अध्यक्षता में अगस्त-22 को शासकीय विश्वविद्यालयों की समीक्षा बैठक हुई थी। इसमें निर्णय लिया गया था कि सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले विश्वविद्यालय को चांसलर अवार्ड प्रदान करने का निर्णय लिया गया था। राज्यपाल के अवर सचिव एमपी पटेल ने उच्च शिक्षा सचिव को पत्र भेजकर चयन समिति के लिए तीन नाम मांगा है।

यह अवार्ड राज्य में संचालित 15 शासकीय विश्वविद्यालयों में से एक का चयन कर, दिया जाएगा। इसके तहत विश्वविद्यालय को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और कुलाधिपति की ओर से अनुदान राशि दी जाएगी। यह अवार्ड, इसी सत्र से दिया जाएगा। संकेत है कि राज्यपाल, यह अवार्ड निजी विश्वविद्यालयों के लिए भी शुरू कर रही है।

अब तक यह अवार्ड देश के 4 राज्यों में दिए जा रहे हैं। इनमें केरल, बिहार, यूपी और राजस्थान शामिल है। केरल में चांसलर अवार्ड की स्थापना 2014 में की गई और अब तक (यानी-21) 6 विश्वविद्यालयों को दिया जा
चुका है।

केरल के राज्यपाल ने चयन समिति में भारत रत्न प्रो. सीएनआर राव जैसे शिक्षाविद् को अध्यक्ष बनाया हुआ है। अवार्ड के रूप में प्रशस्ति पत्र गोल्डप्लेटेड ट्राफी 5 करोड़ रूपए कैश प्राइज दिया जाता है। बिहार में यह अवार्ड, सर्वश्रेष्ठ कुलपति को तो राजस्थान में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी को दिया जाता है। यूपी में यह अवार्ड 2018 में तत्कालीन राज्यपाल रामनाइक ने स्थापित किया था।
यूपी में सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय के चयन का आधार इंफ्रास्ट्रक्चर, शोध, पठन-पाठन, स्पोट्र्स, रिसर्च पेपर, रिसर्च कॉन्फ्रेंस, लैब-लाइब्रेरी जैसे बिन्दुओं पर आगे रहने वाला विवि।
केरल में आधार- ज्ञानसृजन, ज्ञान प्रसार, छात्र प्र्रोफाइल, शैक्षणिक व्यवस्था, सामाजिक प्रभाव इन श्रेणियों में चयन समिति विश्वविद्यालयों का निरीक्षण कर चुनती है।
छत्तीसगढ़ में फिलहाल चयन का आधार क्या है या होगा, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। अवार्ड में क्या दिया जाएगा, इस पर भी निर्णय होना है।
बिहार में तो मगध विवि के एक कुलपति को करोड़ों के घोटाले साबित होने के बाद चांसलर का सर्वश्रेष्ठ कुलपति का अवार्ड दिया गया।
 


अन्य पोस्ट