रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 नवम्बर। सीएम भूपेश बघेल छुरिया, अंबागढ़ चौकी की भेंट मुलाकात और भानुप्रतापपुर उपचुनाव में नामांकन दाखिल के बाद अब से कुछ देर पहले रायपुर लौट आए। हैलीपेड में पत्रकारों से चर्चा में सीएम ने कहा कि केंद्र ने छत्तीसगढ़ को एनपीएस में जमा 17260 करोड़ रुपए लौटाने से केंद्र सरकार ने इंकार कर दिया है। सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राशि लौटाने का आग्रह किया था। केंद्र सरकार की ओर से जवाब आ गया है। उन्होंने कहा है कि वे पैसे नहीं लौटाएंगे। कारण नहीं बताया है। सीएम ने कहा कि क्यों नहीं लौटाएंगे, यह केंद्र ने नहीं बताया है, लेकिन यह कर्मचारियों का पैसा है। इसे लेकर रहेंगे।
केन्द्र-राज्य के इस द्वंद में 5 हजार लोग उलझे
इधर, इस विवाद के बीच 1 अप्रैल 22 के बाद रिटायर या मृत शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के आश्रितों को पेंशन भुगतान को लेकर विस विभाग विकल्पों पर विचार विमर्श कर रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 1 नवंबर-04 के बाद से 1 अप्रैल 22 के बीच करीब 5 हजार अधिकारी-कर्मचारी रिटायर या मृत हुए हैं। इनमें 2 हजार रिटायरमेंट हैं, ये सभी अधिक उम्र में नौकरी (ओव्हरएज) में आए। और 3 हजार कर्मियों की मृत्यु हुई है। सूत्रों ने कहा है कि इस राजनीतिक द्वंद के चलते एनपीएस में जमा 17260 करोड़ रूपए आने में विलंब होगा। उससे पहले पेंशन कैसे शुरू की जाए, इस पर विकल्प तराशे जा रहे हैं। इनें से एक विकल्प, राजस्थान की तरह हर कर्मचारी से एनपीएस फंड का व्यक्तिगत रूप से विथड्राल भी है। वैसे ओपीएस का लाभ देने राज्य सरकार ने 3 लाख 30 हजार कर्मचारियों के खाते नए सिरे से खुलवा दिए हैं, और कर्मचारियों का अंशदान की कटौती बंद कर दी है।