रायपुर

शहर के बीच सवारी न तो बिठाएंगे न उतारेंगे
16-Nov-2022 5:40 PM
शहर के बीच सवारी न तो बिठाएंगे न उतारेंगे

बस आपरेटर्स को सख्त हिदायत, आरटीओ कार्यवाही करेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 नवम्बर। निर्धारित स्टापेज के बजाए कहीं भी बीच सडक़ पर सवारी बिठाने  को लेकर परिवहन विभाग सामने आया है। बुधवार को परिवहन, पुलिस और नगर निगम के  अधिकारियों ने बस संचालकों एवं ट्रैवल्स एजेंट की  बैठक ली।

इन्हें बस संचालन के संबंध में  आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बता दें कि तीन दिन पहले  दुर्ग में एयरपोर्ट सर्विस की बसों में बीच सडक़ पर सवारी बिठाने को लेकर महानगरीय बस संघ ने बसें खड़ी कर दी थी।

इसी तरह से विगत कुछ दिनों से भाठागांव बस स्टैंड से संचालित  बसों को अवैध रूप से नो पार्किंग स्थान पर खड़ा कर सवारी उतारने एवं बिठाने के कारण अन्य राहगीर एवं वाहन चालकों को परेशानी  उठानी पड़ रही है। इस पर जी पी मेश्राम अपर परिवहन आयुक्त रायपुर,  सुनील चंद्रवंशी अपर आयुक्त नगर निगम रायपुर ,  शैलाभ साहू क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रायपुर, एएसपी ट्रैफिक जयप्रकाश बढ़ई एवं  डीएसपी गुरजीत सिंह ने  बस ऑपरेटर्स एवं ट्रैवल्स एजेंट की बैठक की ।, बैठक में बस ऑपरेटर्स को इन बिंदुओं का सख्ती से पालन करने निर्देश दिए । बस स्टैंड के बाहर- भाठागांव चौक ,पचपेड़ीनाका ,तेलीबांधा ,सरोना चौक ,टाटीबंध ,भनपुरी, विधानसभा ब्रिज के नीचे एवं अन्य स्थानों पर  बस रोककर सवारी उतारना एवं बिठाने पर रोक।

 बस स्टैंड से निकलने के बाद कहीं पर भी बस नहीं रोकेंगे।  बस स्टैंड और बाहर विभिन्न स्थानों पर ट्रैवल्स एजेंट बिना लाइसेंस के टिकट काउंटर संचालित कर रहे हैं उसे 1 माह के भीतर परिवहन विभाग से वैध लाइसेंस अनिवार्य रूप से लेना होगा।

 परमिट में उल्लेखित स्थानों के अलावा कहीं पर भी बस रोका जाता है तो यातायात पुलिस कार्यवाही करेगी।  बस स्टैंड के भीतर एवं परिसर में विभिन्न स्थानों पर बसों के आवागमन की जानकारी जनता को देने हेतु एलइडी बोर्ड लगाए जाएं, इसमें बसों का रूट, समय निर्धारण प्रदर्शित होगा।


अन्य पोस्ट