रायपुर

एसओएस आश्रम में रेपकांड, बिलासपुर से दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया
16-Nov-2022 3:59 PM
एसओएस आश्रम में रेपकांड, बिलासपुर से दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया

‘छत्तीसगढ़’ ने पहले ही अंदेशा जताया था कि गैंग रेप हुआ है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 नवम्बर। 
एस ओ एस चिल्ड्रन विलेज में नाबालिग लडक़ी से रेप के मामले में नया मोड़ आ गया है। पीडि़ता के बयान के बाद पुलिस ने अब दुष्कर्म के आरोपी 19 वर्षीय आदित्य खांडे को सरकंडा बिलासपुर से गिरफ़्तार कर लिया है। इस मामले में नाबालिग पीडि़ता के बयान के अनुसार पुलिस ने पूर्व में भी एक आरोपी अंजनी शुक्ला गिरफ्तार कर जेल भेजा था परंतु नाबालिग द्वारा जन्म दिए गए बच्चे का डीएनए जेल में बंद आरोपी अंजनी शुक्ला से मैच नहीं हुआ जिसके बाद दोबारा पीडि़ता का बयान लेकर मामले की जांच की गई जिसके बाद पुलिस ने अरविंद नगर बंधवापारा बिलासपुर निवासी आदित्य खांडे के खिलाफ बलात्कार सहित पास्को एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और फिलहाल पूछताछ में जुटी है।

इस मामले में नया पेंच आने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश में भाजपा ने पुलिस पर जांच में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की जांच पुन: शुरू की गई,विभाग के अधिकारी और बालिका गृह प्रबंधन से पूछताछ कर सभी पहलुओं पर जांच करते हुए अब नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इसका भी डीएनए टेस्ट कराएगी। नाबालिग पीडि़ता ने पूछताछ में बताया था कि आदित्य ने भी शारीरिक संबंध बनाए थे। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पूर्व में ‘छत्तीसगढ़’  द्वारा जताए गए अंदेशे की पुष्टि होती है। हमने पहले ही बताया था कि नाबालिग के साथ गैंगरेप हुआ है। भाजपा ने इस मामले की केन्द्रीय बाल संरक्षण आयोग में भी शिकाय की है। भाजपा का आरोप है कि इस मामले में महिला बाल विकास विभाग और राज्य बाल संरक्षण आयोग ढिलाई बरत रहा है।
 


अन्य पोस्ट