रायपुर

ओपीएस को रोकने केन्द्र, कर्मचारियों की जमा राशि देने आनाकानी कर रही-मरकाम
14-Nov-2022 2:33 PM
ओपीएस को रोकने केन्द्र, कर्मचारियों की जमा राशि देने आनाकानी कर रही-मरकाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 नवम्बर।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के द्वारा राज्य के कर्मचारियों की एनपीएस राशि 17,240 करोड़ रुपए  देने से इंकार करने पर  कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि
कर्मचारियों  एवं राज्य सरकार के द्वारा जमा की गई राशि है जिस पर पूरा अधिकार राज्य के कर्मचारियों का है उसे देने से मना कर केंद्र की भाजपा सरकार ने अपने कर्मचारी विरोधी होने का प्रमाण दिया है।

 मरकाम ने कहा कि अटलजी सरकार ने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को बंद कर कर्मचारियों के साथ धोखा बाजी किया गया था। रिटायरमेंट के बाद उनके भविष्य को अंधकारमय किया गया था। आज कांग्रेस की सरकार प्रदेश के कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन स्कीम को लागू किया है इससे कर्मचारी विरोधी भाजपा को पीड़ा हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल को स्पष्ट करना चाहिए कि वो राज्य के कर्मचारियों के बेहतर भविष्य के लिए लागू की गई पुरानी पेंशन योजना के समर्थन में है कि विरोध में है ।और समर्थन में है तो  केंद्र सरकार पर प्रदेश के कर्मचारियों के 17,240 करोड़ रुपए को वापस दिलाने कब दबाव बनायेगें?

मरकाम ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों के पेंशन स्कीम में जमा राशि प्रदेश के कर्मचारियों के वेतन से काटी गई एवं राज्य सरकार के द्वारा जमा की गई अंशदान की राशि है इस पर केंद्र सरकार का कोई अधिकार नहीं है। इस राशि को तत्काल प्रदेश के कर्मचारियों के बेहतर भविष्य के लिए राज्य सरकार को लौटाना चाहिए।


अन्य पोस्ट