रायपुर

देश में 157 नए मेडिकल कॉलेज, छत्तीसगढ़ में भी 5 का प्रस्ताव
14-Nov-2022 2:28 PM
देश में 157 नए मेडिकल कॉलेज, छत्तीसगढ़ में भी 5 का प्रस्ताव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 नवम्बर।
देश में 100 नए मेडिकल कॉलेज  स्थापित किए जाएंगे। यह योजना केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय  की है। दरअसल, मंत्रालय ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए मानव संसाधन की उपलब्धता को बढ़ावा देने वाली एक योजना के चौथे चरण पर काम शुरू करने वाली है। इसके तहत जिला अस्पतालों का उन्नयन करके 100 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। यह काम सन 2027 तक हो जाने की संभावना है। प्रति कॉलेज 325 करोड़ की लागत आएगी।

सूत्रों के मुताबिक नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना केन्द्र प्रायोजित योजना के तहत होगी। इसके अंतर्गत प्रति कॉलेज 325 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ‘‘जिला या रेफरल अस्पतालों’’ का उन्नयन किया जाएगा। इसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की भागीदारी क्रमश: 60 फीसदी और 40 फीसदी होगी।

सूत्रों ने बताया कि पूर्वोत्तर और विशेष श्रेणी राज्यों के लिए कोष की भागीदारी क्रमश: 90 फीसदी और 10 फीसदी होगी। उन्होंने बताया कि वित्त व्यय समिति ने स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और इस संबंध में एक कैबिनेट नोट पहले ही तैयार किया जा चुका है।

पिछले तीन चरणों में 157 मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 93 शुरू हो गए हैं जबकि अन्य निर्माणधीन हैं। नए प्रस्तावित 100 मेडिकल कॉलेज, उन 100 जिलों में स्थापित किए जाएंगे, जिनकी आबादी 10 लाख से अधिक है और वहां पहले से कोई निजी या सरकारी मेडिकल कॉलेज नहीं है।

 

हमारे पांच प्रस्ताव लंबित
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के मुताबिक केन्द्रीय स्वास्थ्य विभाग ने कल ही योजना की घोषणा की है। छत्तीसगढ़ भी लाभ उठाएगा। हमारे 5 नए मेडिकल कॉलेज के प्रस्ताव केन्द्र में विचारधीन है। इसमें मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा, कवर्धा, गीदम (दंतेवाड़ा) और धमतरी शामिल है। आबादी के मापदंड के हिसाब से, दो छोटे-छोटे जिलों धमतरी-गरियाबंद या धमतरी-बालोद के लिए एक जांजगीर-चांपा-सक्ती के लिए एक कॉलेज किया जा रहा है।

 

 


अन्य पोस्ट