रायपुर
कर्मचारी बुधवार को काली मंदिर के पास प्रदर्शन करेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 नवम्बर। अनियमित कर्मचारियों की शनिवार को रोटरी भवन आनंद नगर में हुई। इसमें नियमितीकरण करने के संबंध में जानकारी एकत्र करने तथा मात्र 45 हजार को नियमित करने प्लेसमेंट व ठेका प्रथा पर विचार न करने की जानकारी पर जल संसाधन विभाग के डाटा एंट्री ऑपरेटर, वाहन चालक, अस्थाई कर्मचारियों ने आक्रोश जताया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देश की उपेक्षा करते हुए अस्थाई कर्मचारियों की सेवा समाप्ति के खिलाफ बुधवार को दोपहर 12 बजे काली माई मंदिर के पीछे स्थित जल प्रबंध संभाग क्रमांक एक में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
कर्मचारी नेता विजय कुमार झा, इदरीश खान एवं संजय शर्मा ने एक बताया है, कि राज्य सरकार द्वारा नियमितीकरण के लिए सामान्य प्रशासन विभाग के परिपत्र के तहत अनियमित कर्मचारियों की संख्या आदि की जानकारी मंगाई गई है। इसमें जल संसाधन विभाग के कर्मचारियों की जानकारी नहीं भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा चुनाव पूर्व चुनावी घोषणा पत्र में नियमितीकरण असंभव होने पर छंटनी, सेवा समाप्ति का विरोध सार्वजनिक रूप से किया गया था। किंतु अधिकारी मनमानी कर सरकार को बदनाम करने तुले हुए हैं।
विगत चार-पांच वर्षों से विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारी को उनकी सेवाएं समाप्त कर सरकार व मुख्यमंत्री बघेल को जल संसाधन विभाग के अधिकारी बदनाम कर रहे हैं। विभागीय कर्मचारियों ने संकल्प लिया है, कि नियमितीकरण होने की स्थिति में उनका भी नियमितीकरण किया जाए। ठेका प्रथा प्लेसमेंट में भी काम करते हुए विधिवत कोषालय से वेतन का आहरण हो रहा है। ऐसी स्थिति में उन्हें अनियमित कर्मचारी न मानना उनका शोषण व अपमान है। कर्मचारी नेताओं ने शीघ्र आरक्षण व्यवस्था की समस्या को समाप्त कर नियमितीकरण करने भर्ती नियम में तथा पदोन्नति नियम 2003 में संशोधन कर अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण का मार्ग प्रशस्त करते हुए रुके हुए पदोन्नति व साक्षात्कार को भी कराने की मांग मुख्यमंत्री से की है। ताकि बेरोजगारों व कर्मचारियों के हकों को सुरक्षित किया जा सके। अनियमित कर्मचारियों के नेता देवेंद्र साहू एवं पंकज पांडे ने समस्याओं के संबंध में विस्तृत विचार व्यक्त करते हुए करते हुए बुधवार के आंदोलन व प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील व की है।