रायपुर
सर्वाधिक दुर्घटनाओं वाले सात जिले रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, जांजगीर-चांपा एवं कोरबा
इस साल अब तक 11 करोड़ 74 लाख 54 हजार 690 रूपए चालान वसूली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 नवम्बर। मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में गुरुवार को मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सडक़ दुर्घटना नहीे हो इसके लिए समुचित प्रयास हो। उन्होंने सडक़ सुरक्षा के लिए कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्य सचिव ने कहा है कि सडक़ दुर्घटनाओं के कारणों को जानने के लिए विश्लेषण किया जाना चाहिए।
बैठक में डीजीपी अशोक जुनेजा एवं परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा भी शामिल हुए।
दुर्घटना नियंत्रण के प्रयासों और कार्ययोजना के संबंध में बताया कि राज्य में इस वर्ष जनवरी से अक्टूबर -22 तक करीब तीन लाख आठ हजार 559 यातायात नियमों के उल्लंघन के प्रकरणों पर 11 करोड़ 74 लाख 54 हजार 690 रूपए चालान वसूला। परिवहन विभाग ने 6 लाख 48 हजार 430 रूपए चालान काटे। इससे दुर्घटनाओं के नियंत्रण के प्रयास किए गए। छत्तीसगढ़ शिक्षा मण्डल कक्षा तीन से 10वीं के बच्चों के लिए सडक़ सुरक्षा पर प्रश्न बैंक एवं प्रायोजना तैयार की जा रही है।
परिमार्जन सहित परीक्षाओं में सडक़ सुरक्षा से संबंधित प्रश्नों को शामिल किए जाने हेतु पहल की जाएगी। एनसीसी, स्काउड गाईड को उनके कैम्पों में सडक़ सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी तरह से इस वर्ष राज्य के विभिन्न दुर्घटना के करीब 104 ब्लैक स्पॉटस में से 50 में सुधार कार्य पूर्ण कर लिया गया है और 54 कार्य प्रगति पर है। सडक़ जक्शनों के 3972 में से 1981 सुधार कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसी तरह से 23 ट्रक ले बाय, 272 बस ले बाय, चार रेस्ट एरिया का कार्य पूर्ण कर लिया गया। शेष निर्माण कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। ड्राइविंग एवं प्रशिक्षण संस्थान में यातायात पुलिस कर्मियों एवं वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सतत् रूप से जारी रहेगा।
बैठक में सर्वाधिक दुर्घटनाओं वाले सात जिले रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, जांजगीर-चांपा एवं कोरबा के समग्र सडक़ सुरक्षा परिदृश्य के संबंध में संबंधित जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में बताया कि राज्य के सात मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालयों में अलग-अलग स्तर पर ट्रामा सेंटर का उन्नयन किया जा रहा है।