रायपुर
अहंकार कर पूजन भगवान को स्वीकार नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 नवंबर। गुढिय़ारी के दही हांडी मैदान में चल रहे शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन गुरुवार को कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने शिव महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि अहंकार कर पूजन भगवान स्वीकार नहीं करता है।
श्री मिश्रा ने कहा कि शिव निंदा अथवा शिव भक्तों की नहीं करना चाहिए। शिव महापुराण का वर्णन करते हुए कहा कि सारी समस्याओं का हल एक लोटा जल है। कहीं भी रहे एक लोटा जल समर्पित करते हैं, तो भगवान शिव उसे देखते हैं।
कथावाचक ने कहा कि छल से, या अहंकार कर जल चढ़ाएंगे, तो वह स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भजन-पूजन करते समय किसी को अपशब्द कहे, तो पुण्य नहीं मिलेगा।
शिव महापुराण कथा का श्रवण करने प्रदेश के कोने-कोने से श्रद्धालु आए हैं। दूसरे प्रदेशों से भी श्रद्धालु आए हुए हैं। भीड़ का आलम यह है कि मैदान में पांव रखने तक की जगह नहीं रही। गलियों, और मोहल्लों में भी भारी भीड़ जमा रही। लोग कथा सुनने सुबह से ही जुट जा रहे हैं। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, मेयर एजाज ढेबर, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, और राजेश मूणत सहित कई नेता कथा सुनने पहुंचे थे।