रायपुर

बेहतर नतीजों के लिए पढ़ाई कराएं या चुनाव ड्यूटी करें, शिक्षक असमंजस में
10-Nov-2022 2:33 PM
बेहतर नतीजों के लिए पढ़ाई कराएं या चुनाव ड्यूटी करें, शिक्षक असमंजस में

50 हजार शिक्षकों चुनाव ड्यूटी पर भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 नवम्बर।
प्रदेश भर के स्कूली शिक्षक अगले एक माह  के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण में तैनात कर दिए गए हैं। और शिक्षा विभाग बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए क्लास रूम स्टडी में और अधिक कसावट लाने अतिरिक्त कक्षाएं जैसी व्यवस्थाएं अपनाने कहा है।

इसमें विरोधाभास देखिए कि 27 अक्टूबर को विभाग कसावट लाने का आदेश जारी करता है और सप्ताह भर बाद ही 3 नवंबर को गैर शिक्षकीय कार्य के तहत चुनाव कार्य के तहत शिक्षक तैनात कर दिया गया। इस कार्य में प्रदेश के 50 हजार से अधिक शिक्षकों की डयूटी लगाई गई है।

मंत्रालय से सभी  संभागीय संयुक्त संचालक, डीईओ , जिला परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा) सभी प्राचार्य डाईट,बीईओ, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक को यह आदेश जारी किया गया है।
जून -22 को राज्य में किए गए निरीक्षण के हवाले से कहा गया है कि राज्य के  स्कूलों में मूलभूत दक्षताओं की संप्राप्ति की स्थिति में सुधार लाए जाने  विभिन्न स्तरों पर तत्काल पूरी गंभीरता के साथ कुछ नये प्रयास किए जाएं। इनमें  अनियमित उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उसकी सूची बनाई जाए और उनके अनियमित उपस्थिति के कारणों की जानकारी लेकर उपस्थिति मेंसुधार हेतु स्थानीय स्तर पर सभी आवश्यक प्रयास किए जाएं।अवर सचिव अन्वेष धृतलहरे ने जारी आदेश में कहा कि कक्षा शिक्षण ( क्लास रूम स्टडी)के दौरान यह देखने में आया कि अधिकांश शिक्षक परंपरागत शिक्षण पद्धति का ही उपयोग कर रहे हैं। यदि हम पुराने तरीकों से ही पढ़ाना जारी रखेंगे तो हमें पहले मिलने वाले परिणाम जैसे परिणाम ही मिलेंगे। यदि हमारे परिणाम असंतोषप्रद हैं तो इस पर चिंतन कर हमें प्रभावी एवं परिणाम देने वाले शिक्षण पद्धतियों का प्रयोग कक्षा शिक्षण के दौरान करना होगा। बेहतर परिणाम देने वाले प्रभावी शिक्षण पद्धतियों के विकास एवं इन पर क्षमता विकास के लिए शिक्षकों के प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी बनाकर एक दूसरे से सीखने एवं अपने अपने स्कूलों के आउटकम को सुधारने की दिशा में तत्काल ठोस कदम उठाएं। संकुल समन्वयक अपने संकुल की शालाओं में अकादमिक निरीक्षण के दौरान पूरे दिन रहकर वहां बच्चों की उपलब्धि में सुधार के संबंध में नियमित आकलन करें। इसमें यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक बच्चे में अपेक्षित दक्षता समय रहते हासिल कर ली जाए। शिक्षकों को अपने प्रत्येक विद्यार्थी पर व्यक्तिगत विशेष ध्यान देना होगा। और प्रत्येक बच्चे के सीखने में रूचि लेते हुए इसे अपना मूल कर्तव्य एवं जिम्मेदारी समझते हुए समय का सीखने-सिखाने हेतु बेहतर उपयोग एवं परिणाम देना सुनिश्चित करेंगे।
 


अन्य पोस्ट