रायपुर
पायलेटिंग कर नागपुर ले जा रही कार भी जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 नवम्बर। खमतराई ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग से ट्रेलर वाहन की चोरी करने वाले तरनतारन पंजाब के दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से एक राजवीर सिंह कबीर नगर में रहकर ट्रांसपोर्टिंग का काम करता है। ट्रेलर को चोरी कर नागपुर ले गए थे। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है जिसकी कीमत दस लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक श्री कृष्णा ट्रांसपोर्ट सिलतरा एवं बिलासपुर में मैनेजर युवराज सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस ट्रांसपोर्ट फर्म में सुनीता देवी रोचवानी के नाम से टाटा टीप ट्रेलर क्रमांक सी जी 10 सी 6361 संचालित है। बीते 22 अक्टूबर को टाटा टीप ट्रेलर क्रमांक सी जी 10 सी 6361 को चालक अजय ने खमतराई के ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर 09 में खड़ी कर दीपावली मनाने घर चला गया था। 25 तारीख को वापसी में अजय ने जाकर देखा तो वहां टाटा ट्रेलर नहीं था, आस-पास पता तलाश किया किन्तु नहीं मिला। इस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना खमतराई में धारा 379, 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
इसी दौरान सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज देखने पर ट्रेलर का मुव्हमेंट नागपुर की ओर मिला। इस पर पुलिस टीम ने रायपुर से लेकर नागपुर तक के सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों को लगातार खंगाला गया तथा ट्रेलर वाहन के आगे एक कार को भी लगातार पायलेटिंग करते पाया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा उक्त कार के संबंध में जानकारी एकत्र करते हुए वाहन स्वामी की पहचान कबीर नगर निवासी राजवीर सिंह के रूप में की गई। पुलिस ने राजवीर सिंह को पकड़ा और कड़ाई से पूछताछ करने पर राजवीर सिंह ने अपने साथी जलविंदर सिंह के साथ मिलकर ट्रेलर की चोरी करना स्वीकार किया।और नागपुर ले जाकर बूटीबूरी में छिपाकर रखना बताया । आरोपियों की निशानदेही पर ट्रेलर क्रमांक सी जी 10 सी 6361 कीमत10 लाख रूपए टाटा जेस्ट कार कीमत लगभग 4 लाख रूपये जुमला कीमती 14,00,000/- रूपये जप्त किया ।