रायपुर

यादव की सेवाएं भूल नहीं सकता देश-मरकाम
रायपुर,10 अक्टूबर। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सांसद अरूण साव ने पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि स्वरूप कहा कि यादव समर्पित जन नेता थे। वे स्पष्ट सोच व्यक्त करने वाले नेता के रूप में स्थापित रहे। मुलायम सिंह समाजवादी राजनीति के मजबूत नेता रहे। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने यादव के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे कुशल राजनीतिक संगठक थे। उन्होंने अपनी संगठन क्षमता के बूते राजनीतिक दल की स्थापना की और मुख्यमंत्री बने। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन समाजवादी विचारधारा की गहरी क्षति है। हम दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यादव के निधन से राजनीति के एक युग का अवसान हो गया है। उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री के रूप में उनकी सेवाओं को देश कभी भुला नहीं सकता। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि श्री यादव का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं अखिलेश यादव एवं परिवार के साथ हैं , ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।