रायपुर

हसदेव में वृक्ष कटाई का राजधानी में विरोध, उइके को ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अक्टूबर। सरगुजा जिले में हसदेव परियोजना को लेकर बघेल सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में आप पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राजधानी में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी के नेतृत्व में कार्यकर्ता डॉ अंबेडकर चौक में प्रदर्शन कर रैली के रूप में राजभवन पहुंचे। और राज्यपाल की अनुपस्थिति में उनके विशेष कर्तव्य अधिकारी को मांग पत्र सौंपा।
पार्टी ने कहा कि इस प्रदर्शन में सरगुजा से भी बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। राज्यपाल व राष्ट्रपति को इसलिए ज्ञापन सौंपा गया है कि, क्योंकि आप को, भाजपा और कांग्रेस से भरोसा उठ गया है।
छत्तीसगढ़ में कहा गया भूपेश है तो भरोसा है। लेकिन हसदेव परियोजना के पीडि़तों ने आज नारा लगाया भूपेश है तो धोखा है। चूंकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुरमू एवं की राज्यपाल अनसुईया उईके आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए आदिवासियों के मान सम्मान की रक्षा के लिए दोनों को ही ज्ञापन सौंपा गया। सभा को महिला प्रतिनिधि दुर्गा झा, जसबीर सिंह, कन्हैया साहू, नरेंद्र ठाकुर, पवन सक्सेना, राजू भाई एस पी पन्नू, प्रियंका शुक्ला, सागर क्षीरसागर, उत्तम जयसवाल वीरेंद्र पवार ने भी संबोधित किया।