रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 सितंबर। बसना के नेता संपत अग्रवाल का भाजपा प्रवेश फिलहाल टल गया है। संपत समेत बसपा, और जोगी पार्टी के करीब 7 सौ नेता-कार्यकर्ता गुरुवार को विधिवत भाजपा की सदस्यता लेने वाले थे।
बताया गया कि प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी की मौजूदगी में संपत अग्रवाल समेत सभी नेता आज दोपहर करीब डेढ़ बजे भाजपा में शामिल होने वाले थे। सभी प्रमुख नेताओं को इसकी सूचना भी दे दी गई थी।
संपत अग्रवाल के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता रायपुर भी पहुंचे। संपत के समर्थकों ने इस अवसर को भव्यता की पूरी तैयारी की थी। एयरपोर्ट से लेकर ठाकरे परिसर तक संपत, और भाजपा नेताओं वाले होर्डिंग, और पोस्टर सैकड़ों की तादाद में लगाए गए थे। लेकिन उन्हें फिलहाल रुकने के लिए कह दिया। कहा जा रहा है कि अब कुछ दिनों बाद बागियों को विधिवत भाजपा में शामिल कराया जाएगा।
संपत अग्रवाल ने भाजपा से बगावत कर 2018 में विधानसभा का चुनाव लड़ा था, और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में करीब 50 हजार से अधिक वोट हासिल किए थे। भाजपा प्रत्याशी यहां तीसरे स्थान पर रही थी। इसके बाद संपत भाजपा में शामिल होने के लिए प्रयासरत थे। पार्टी के सभी प्रमुख नेता इसके लिए तैयार भी थे। आज उनके प्रवेश होने की सूचना पर समर्थकों ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के आसपास बैनर पोस्टर भी लगाया था। चर्चा है कि पार्टी हाईकमान के हस्तक्षेप के बाद भाजपा प्रवेश टल गया है। इनके अलावा एक विपक्षी दल के विधायक की भी भाजपा प्रवेश की चर्चाएं हैं। उनकी वरिष्ठ नेताओं से प्रारंभिक दौर की चर्चा हो चुकी है।