रायपुर

निगम की लगातार दूसरे दिन कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 सितंबर। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग और राजस्व अमले ने लगातार दूसरे दिन शहर के बड़े शो रूम में दबिश देकर प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त कर जुर्माना लगाया। टीम ने श्री शिवम शो रूम, सुमीत बाजार पंडरी, हरिओम प्लास्टिक्स, आरएस प्रोविजन और वनश्री इंटरप्राइजेस से प्लास्टिक के कैरीबेग जब्त किया। दबिश दी। हरिओम, और वनश्री इंटरप्राइजेस से एक-एक टन, आरएस इंटरप्राइजेस से 3 क्विंटल जब्त किया। इस कार्रवाई के दौरान श्री शिवम पर 25 हजार रूपए, आरएस प्रोविजन पर 15 हजार रूपए का जुर्माना ठोका। हरिओम प्लास्टिक में 12 टन प्लास्टिक मटेरियल जब्त किया। जब्त कर 2 लाख का जुर्माना वसूला। दूकान सील किया गया। इससे पहले सोमवार को राजधानी के गोलबाजार क्षेत्र में 10 बड़ी थोक दुकानों का निरीक्षण किया। इनसे 400 किलो प्रतिबंधित नॉन वुवन पॉलीथिन जब्त किया गया। साथ ही इन दुकानदारों को कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी गई। वहीं दो दुकानों पर 10-10 हजार एवं एक अन्य थोक व्यापारी से 2 हजार पर कुल 22 हजार रूपये का जुर्माना किया गया।
बता दें कि बीते 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके राजधानी के मुख्य बाजार में व्यवहारिक पालन की वस्तुस्थिति परखने चलाया गया। यह अभियान एवं कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। यह जांच सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर तृप्ति पाणीग्रही के नेतृत्व एवं जोन 4 के उपअभियंता अतुल, सहायक राजस्व अधिकारी बलदाऊ वर्मा, जोन स्वच्छता निरीक्षक वीरेन्द्र चन्द्राकर, स्वच्छता दीदियों के साथ की गई।