रायपुर
सामाजिक बहिष्कार पर रोक के लिए सक्षम कानून बने- डॉ. मिश्र
रायपुर, 31 अगस्त। कुछ दिनों पहले महासमुंद जिले में कुछ परिवारों के सामाजिक बहिष्कारका मामला सामने आया था। अचानकपुर गांव के भरतलाल, नीरज, डायमंड, अमरीका बाई और त्रिवेणी बाई के परिवार इस दंश को झेल रहे थे। उन्होंने इसकी लिखित जानकारी अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र को दी थी। इस बहिष्कार से यह परिवार परेशान था, तब से उक्त परिवारों का बहिष्कार समाप्त करवाने का प्रयास किया जा रहा था जिसके बाद अब एक बैठक के बाद ग्रामीणों ने उक्त परिवारों का बहिष्कार समाप्त कर दिया है,और इस बात की लिखित जानकारी भी दे दी है। समिति की ओर से इस मामले की जानकारी प्रशासन को भी दी गयी थी।
डॉ .दिनेश मिश्र ने बताया सामाजिक बहिष्कार कर हुक्का पानी बन्द करने के इस मामले में ग्राम अचानकपुर, महासमुंद के कंवर परिवार को 2015 में समाज से बहिष्कृत कर दिया गया तथा उन का हुक्का पानी बंद कर अनेक पाबंदियां लगा दी गयी थी। जिससे उनसे कोई बात भी नही करता था व उन्हें रोजी मजदूरी से भी वंचित कर दिया गया .बहिष्कृत परिवार के सदस्यों ने बताया कि बहिष्कार वापसी के लिए,फिर 30 हजार रुपये जुर्माना भी लिया गया,फिर बाद में पुन: बहिष्कृत कर दिया गया था। उक्त परिवार कमजोर आर्थिक परिस्थिति के हैं और बार बार इस प्रकार की प्रताडऩा होने से गांव में अपमानित और असुरक्षित महसूस कर रहा था और एक दिन इस मामले की जानकारी लिखित में देते हुए मदद मांगी।
इस मामले की लिखित शिकायत प्रशासन, शासन से करने के साथ ही ग्रामीणों से सम्पर्क व समझाइश की जाती रही। ग्राम में बैठक आयोजित हुई और अंतत: समझाइश के बाद उक्त परिवारों का बहिष्कार वापस लिया गया तथा लिखित में समझौता किया गया।