रायपुर

धरना स्थल पहुंचकर अरूण साव ने हड़ताल को दिया समर्थन, आज शाम पूरे प्रदेश में मशाल रैली
25-Aug-2022 6:45 PM
धरना स्थल पहुंचकर अरूण साव ने हड़ताल को दिया समर्थन, आज शाम पूरे प्रदेश में मशाल रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 अगस्त। डीए और एचआरए की मांग को लेकर प्रदेशभर में कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। गुरूवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने बुढ़ापारा धरना स्थल पहुंचकर हड़ताल को अपना समर्थन जताया। चार दिनों से सरकार के अडिय़ल रवैये को देखते हुए कर्मचारियों ने आज शाम मशाल जुलूस निकालने की घोषणा की। संकेत है कि फेडरेशन की हड़ताल 6 तारीख को कैबिनेट की बैठक के दिन तक जारी रह सकती है। इस हड़ताल में प्रदेश के 103 अधिकारी-कर्मचारी संगठन शामिल हैं। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने बताया सरकारी कॉलेजों के प्रोफेसर भी एक-दो दिन में शामिल होने का फैसला कर सकते हैं।

दूसरी ओर रायपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रति वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने आंदोलन न करने वाले विरोधी संगठन के नेता अनिल शुक्ला एवं ओपी शर्मा द्वारा फर्जी सीडी तैयार कर लगभग डेढ़ माह से अधिक समय हो जाने के बाद भी अपराध दर्ज ना होने के कारण प्रार्थी विजय कुमार झा द्वारा इनकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की जाकर अपराध पंजीबद्ध किए जाने की मांग की है। संघ के संरक्षक विजय कुमार झा, प्रांतीय अध्यक्ष अजय तिवारी एवं न्यायिक कर्मचारी संघ अध्यक्ष युद्धेश्वर सिंह ठाकुर ने बताया है कि दिन प्रतिदिन आंदोलन में तेजी आ रही है। कर्मचारियों से वार्ता का द्वार बंद करने के कारण आंदोलन के और गति पकडऩे की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।  संघ के महामंत्री उमेश मुदलियार जिला शाखा अध्यक्ष रामचंद्र टाण्डी, संभागीय अध्यक्ष संजय शर्मा, पीएचई संयोजक विमल चंद कुंडू, आर के शर्मा, लोक निर्माण विभाग संयोजक सुनील जारोलिया, शिक्षा विभाग संयोजक हर्षवर्धन झा, विक्रय कर विभाग अध्यक्ष आकाश त्रिपाठी, प्रांतीय सचिव नरेश वाढ़ेर, सीएल दुबे, उप प्रांतीय अध्यक्ष विश्वनाथ ध्रुव, प्रकाश ठाकुर आदि नेताओं ने गृह मंत्री एवं पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि साजिशकर्ता अनिल शुक्ला एवं ओपी शर्मा के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया जावे।अन्यथा मजबूरी में सक्षम न्यायालय में वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में समस्त दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध हैं।


अन्य पोस्ट