रायपुर
आज से बदल गया छत्तीसगढ़ का माहौल, बघेल की उलटी गिनती शुरू- साव
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 24 अगस्त। भाजयुमो के हल्ला बोल के मंच से छत्तीसगढ़ प्रभारी राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी ने महाभारत के हवाले से कहा कि श्रीकृष्ण ने भीम को धृतराष्ट्र के आलिंगन से बचाकर जान बचाई थी अब छत्तीसगढ़ धृतराष्ट्र के आलिंगन में है। इसे बचाने के लिए भाजयुमो के कार्यकर्ताओं हमें छत्तीसगढ़ को बचाना है और जनता को उसका हक दिलाना है। इस सरकार का पतन तय हो चुका है। इस सरकार को जाना ही होगा। भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में भूपेश बघेल की सबसे भ्रष्टतम सरकार है। भूपेश बघेल सोनिया गांधी के लिए कलेक्शन मास्टर की भूमिका छत्तीसगढ़ में निभा रहे हैं।भूपेश बघेल कांग्रेस के एटीएम मशीन बन गए हैं।
तेजस्वी सूर्या ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 3 माह की मोहलत देते हुए कहा कि वह इन 3 माह में अनियमित कर्मचारियों को नियमित करें वरना दिसंबर में मैं फिर आऊंगा।
उन्होंने कहा कि यह सरकार जिस तरह से तानाशाही चला रही है, हर जगह भ्रष्टाचार कर रही है, युवाओं का शोषण कर रही है, उससे मुक्ति दिलाना भाजयुमो कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है और हम इसे पूरा करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार की विदाई तय है। आज के बाद छत्तीसगढ़ में माहौल बदल गया है। भूपेश बघेल की सरकार हर मोर्चे पर नकारा, भ्रष्ट और तानाशाह साबित हुई है। इस सरकार ने छत्तीसगढ़ को कर्ज में डुबो दिया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष,पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सौ से भी कम भृत्य पदों की भर्ती के लिए ढाई लाख युवाओं ने आवेदन किया। भूपेश बघेल शर्म करें। उन्होंने कहा कि अकेले हम आंदोलन नहीं कर रहे हैं। पूरा छत्तीसगढ़ आंदोलन कर रहा है। 5 लाख कर्मचारी आंदोलन पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता कमर कस लें और 2023 में भाजपा की सरकार बनाएं।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने कहा कि सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने भूपेश बघेल सरकार को भ्रष्ट, निकम्मी और बदलापुर की राजनीति करने वाली सरकार ठहराया। उन्होंने कहा कि इस सरकार द्वारा केंद्र सरकार के पैसों का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने जिस उम्मीद के साथ कांग्रेस की सरकार बनाई थी , उन उम्मीदों को भूपेश बघेल ने न केवल तोड़ा है बल्कि धोखेबाजी की है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि यह सरकार जिस रास्ते पर चल रही है उसका परिणाम आज निर्धारित हो गया है। पूर्व सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार जैसी भ्रष्ट सरकार पूरे देश में नहीं है। हर जगह भ्रष्टाचार है और दमन की राजनीति की जा रही है।
सांसद सुनील सोनी ने कहा कि कुंभकरणीय निंद्रा में सोई इस सरकार ने अपने 45 महीने में छलने के अलावा कुछ भी नहीं किया है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने छत्तीसगढ़ के युवाओं, किसानों, गरीबों, महिलाओं सहित सभी वर्गों के साथ जो व्यवहार किया है, वह इस सरकार के ताबूत की आखिरी कील साबित होगा। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो प्रदेश महामंत्री रितेश गुप्ता व आभार प्रदेश महामंत्री टिकेश्वर जैन ने किया।
सभा के उपरांत मुख्यमंत्री निवास कूच कर रहे कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों पर पुलिस ने बर्बरतापूर्व लाठीचार्ज किया। जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए। कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी।