रायपुर

बस्तर से सरगुजा तक “हमर तिरंगा” कार्यक्रम की धूम
20-Aug-2022 10:33 PM
बस्तर से सरगुजा तक “हमर तिरंगा” कार्यक्रम की धूम

बच्चों ने देखी फिल्म गांधी 

रायपुर, 20 अगस्त। छत्तीसगढ़ में सभी सरकारी, निजी एवं अनुदान प्राप्त शालाओं में 20 से 30 अगस्त के दौरान  “हमर तिरंगा” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 
 
आज पहले दिन स्कूलों में प्रभात फेरी, दीवार लेखन, स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, झांकी, देशभक्ति गीत आयोजित करने का सुझाव दिया गया था। 

जिलों में विभिन्न सिनेमाघरों, मल्टीप्लेक्स एवं स्कूलों में स्मार्ट क्लासेस में कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के बच्चों के लिए रिचर्ड एटनबरो निर्देशित “गांधी” फिल्म की स्क्रीनिंग सुबह 9.30 बजे से 12 बजे के मध्य किया गया। राज्य में इस वर्ष “”हमर तिरंगा” कार्यक्रम के माध्यम से लगभग पांच लाख से अधिक बच्चों को यह फिल्म दिखाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। 

सुकमा जिले के सुदूर अंचल के बच्चों को सुबह सुबह वहां के शारदा सिनेमा हाल में फिल्म गांधी देखने का अवसर दिया गया। 
रायपुर में  “हमर तिरंगा” कार्यक्रम के संबंध में फीडबैक लेने स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. एस. भारतीदासन  पंडरी सिटी सेंटर में उपस्थित हुए। बच्चों ने मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल एवं स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम को उन्हें माल में जाकर गांधी फिल्म देखने का अवसर देने के लिए बहुत आभार जताया। उन्होंने बताया कि वे पहली बार अपने स्कूल के साथियों के साथ मिलकर माल में फिल्म का आनन्द लेने जा रहे हैं और वे इसके लिए बहुत उत्साहित हैं।
हमर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत 22 एवं 23 अगस्त को स्कूलों में बच्चों की प्रतियोगिताएं- चित्रकला, पोस्टर, रंगोली, नुक्कड़ नाटक, एकल-युगल-सामूहिक नृत्य, बड़े-बुजुर्गों द्वारा कहानी सुनाना, समुदाय की ओर से देशभक्ति गीत आदि के कार्यक्रम रखे गए हैं। शालाओं में इसके लिए तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट