रायपुर

जामवाल ने विस प्रभारियों से कहा - जुट जाएं और जीतकर ही लौटना है
20-Aug-2022 9:27 PM
जामवाल ने विस प्रभारियों से कहा - जुट जाएं और जीतकर ही लौटना है

पूर्व विधायकों से यह कहा सर्वे में नाम आया तो टिकट भी मिल सकती है 

छत्तीसगढ़ संवाददाता 

रायपुर, 20 अगस्त। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अरूण जामवाल ने रायपुर संभाग के सौ से अधिक प्रथम श्रेणी के नेता, पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी विधान सभा प्रभारियों से दो टूक कहा कि जिम्मेदारी नहीं सम्हाल सकते या कोई दिक्कत है तो बता दें। उन्हें बदल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एक बार जिम्मेदारी मिलने पर,उस विधानसभा से दिसंबर 23 में जीतकर ही लौटना होगा। यह जिम्मेदारी केवल प्रभारियों की नहीं हर जिला,मंडल और बूथ कार्यकर्ताओं की भी है। जिला पदाधिकारी,और विस प्रभारी हर माह एक रात अवश्य वहां रहें। एक एक कार्यकर्ता,हर समाज के लोगों से चर्चा करें। वे स्वयं भी दो महीने बाद हर विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। बैठक में मौजूद ने पूर्व विधायकों गौरीशंकर अग्रवाल, राजेश मूणत, श्रीचंद सुंदरानी, देवजी पटेल, संजय डीडी, नवीन मार्कंडेय, नंदे साहू, पिंकी शाह, आदि से कहा कि वे भी भाजपा को जिताने जुट जाएं। सर्वे में उनका भी नाम आने पर टिकट दी जा सकती है।

बैठक में जामवाल ने हरेक से विस्तृत परिचय लिया। मसलन कब से पार्टी से जुड़े, पहले से लेकर अब तक कौन कौन से पद पर रहे,किस किस चुनाव में टिकट मिली, जीते या हारे, आदि आदि। उन्होंने यह भी कहा कि  विभिन्न समाजों के हर कार्यक्रम में भाजपा का कार्यकर्ता नज़र आना चाहिए। जामवाल ने कुछ नेताओं के घर जाकर व्यक्तिगत चर्चा करने की बात कही। इस तरह से जामवाल ने बिलासपुर, दुर्ग के बाद आज रायपुर संभाग की बैठक पूरी कर ली। अब अगले सप्ताह सरगुजा और बस्तर संभाग की बैठक लेने जाएंगे।


अन्य पोस्ट