रायपुर
लिंक पर क्लीक करते ही खाते से रकम गायब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अगस्त। डीडी नगर इलाके में रहने वाले एक युवक से ऑन लाइन ठगी का बड़ा मामला थाने पहुंचा है। सायबर फ्राड को अंजाम देने वाले अज्ञात गिरोह ने युवक के फोन में संपर्क करने के बाद क्रेडिट कार्ड में बोनस मिलने का झांसा देकर उसके खाते से रकम गायब कर दिया। एक लिंक भेजने के बाद आरोपियों ने प्रार्थी को उसे क्लीक करने को कहा। प्रार्थी ने जैसे ही लिंक में क्लीक किया खाते से छह लाख रुपये से ज्यादा की राशि अलग-अलग खातों में ट्रांजेक्शन हो गया। खाते से रुपये गायब होने के बारे में जैसे ही जानकारी मिली, तुरंत प्रार्थी ने थाना आकर अज्ञात ठग के खिलाफ में जुर्म दर्ज कराया। डीडी नगर थाना पुलिस का कहना है, सालासर ग्रीन सरोना में रहने वाले भास्कर राव 31 जुलाई की शाम अज्ञात ने फोन में संपर्क साधा था। इस दौरान उसने खुद को आईसीआईसी बैंक का अधिकारी बताया। बैंक से क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने की जानकारी दी। इस दौरान क्रेडिट कार्ड में ही बोनस प्राप्त करने का झांसा दिया। आरोपी के बताए अनुसार प्रार्थी ने उसके भेजे गए एक लिंक में क्लीक कर दिया, इसके बाद से उसके खाते में जमा राशि दूसरे खातों में ट्रांसफर हो गए। बैंक की ओर से जब प्रार्थी को मैसेज प्राप्त हुआ तब खाते से रकम गायब होने के बारे में पता चला। प्रार्थी ने तुरंत थाने पहुंचकर मामले में एफआईआर दर्ज कराया।


