रायपुर

बच्चों की सौदेबाजी मामले में संदिग्ध महिला जेल दाखिल
25-Jul-2022 7:18 PM
 बच्चों की सौदेबाजी मामले में संदिग्ध महिला जेल दाखिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 जुलाई। अस्पताल में बच्चों की खरीदी-बिक्री के बड़े खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस को पत्र लिखकर जांच की बात कही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने छानबीन तेज करते हुए एक महिला को संदिग्ध हालत में पकड़ा है। संदेही महिला से पूछताछ के बाद उसके विरूद्ध इस्तगाशा पेश कर जेल दाखिल कराने की कार्रवाई की गई है। सोमवार को पुलिस ने संदेही महिला रेनू ठाकुर को गिरफ्तार करना बताया है। पुलिस का कहना है कि मीडिया में प्रकाशित खबर 21 जुलाई को बच्चों की खरीदी बिक्री के संबंध में समाचार प्रकाशित किया गया था। इसके बाद जांच कार्रवाई शुरू की। महिला का आचरण संदिग्ध बताए जाने के बाद रेनू ठाकुर निवासी चंगोराभाटा को डीडी नगर  को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया है, जाँच-तस्दीक़ के दौरान अभी तक कोई गवाह या पीडि़त सामने नहीं आए हैं।  महिला के कॉल डिटेल का अध्ययन, संपर्क में आए लोगों से पूछताछ कर जानकारी ली जा रही है। इस मामले में अभी भी जांच जारी है। यदि किसी के पास महिला के विरुद्ध कोई जानकारी है तो सीएसपी कोतवाली से सम्पर्क कर सकते हैं।


अन्य पोस्ट