रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जुलाई। सरस्वती नगर इलाके में एक सूने मकान का ताला तोडक़र चोरों ने नगदी समेत ढाई लाख के गहने साफ कर दिया। संभवतया रात के वक्त शातिरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने जुर्म दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अनुरत विहार कॉलोनी में रहने वाले गिरीराज शर्मा के यहां मकान में धावा बोला। शर्मा परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उनके सूने मकान में 11 जुलाई की रात धावा बोलकर शातिरों ने नगदी रकम करीब 95 हजार रुपये और इसके बाद महंगे सोने चांदी के जेवरात चुरा लिया। आरोपी मेन गेट का ताला तोडक़र अंदर घुसे थे। चोरी होने के अगले दिन प्रार्थी और उसके परिवार को घटना के बारे में पता चला। चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से पुलिस ने जांच पड़ताल तेज कर दी है। इलाके में लोकल बदमाशों की पतासाजी की जा रही है। पुलिस का कहना है रेकी करने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। रात के वक्त इलाके में सन्नाटा पसर जाने के बाद चोरों ने धावा बोला। बहरहाल कुछ संदिग्धों के बारे में पता चलने पर उनकी पतासाजी कर रहे हैं।