रायपुर
रायपुर बंद के आह्वान के बीच आबकारी को मामूली नुकसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई। शनिवार को रायपुर बंद रहने के दौरान हाफ डे में भी शौकीनों ने जमके शराब पी। दोपहर दो बजे तक दुकानों में तालाबंदी रहने के दौरान शौकीन आसपास ही मंडराते रहे। जैसे ही दोपहर में शटर उठी, शौकीन शराब के लिए टूट पड़े। मुख्य बाजारों में कारोबार एक तरफ अच्छा खासा प्रभावित रहा दूसरी तरफ आबकारी को हाफ डे में थोड़ा बहुत ही नुकसान पहुंचा। छह घंटे शराब दुकान बंद रखे जाने के फैसले पर शुरूआत में विभाग को नुकसान पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही थी लेकिन जैसे ही शाम हुआ शौकीनों की भीड़ ने बड़े भारी नुकसान से बचा लिया। हफ्ते के आखिरी दिन रात दस बजे दुकानों में चार करोड़ रुपये की शराब बिक्री हुई। शुरूआती माहौल देखने के बाद अफसर भारी नुकसान होने की संभावना जता रहे थे। एक अधिकारी के मुताबिक आबकारी के लिए रायपुर जिले में रविवार को सबसे ज्यादा शराब बिक्री का रिकार्ड है। इस दिन सामान्य दिनों में भी रविवार को शौकीन पांच करोड़ रुपये से भी ज्यादा की शराब गटक जाते हैं। जबकि शनिवार को बिक्री का ग्राफ साढ़े चार करोड़ के आसपास रहता है। रायपुर बंद के दौरान राजनैतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने कई जगहों पर जबरिया शराब दुकान बंद करा दिया था। टिकरापारा में पहुंचकर शटर गिरवाकर लात तक मारा था। तेलीबांधा में पहुंचकर कुछ प्रदर्शनकारियों ने यहां ग्रील उखाडऩे की कोशिश भी की थी। इसे देखते हुए प्लेसमेंट कर्मचारियों ने दुकानों को बंद कर दिया था। दोपहर बाजार खुलने के बाद आबकारी विभाग ने भी शटर ओपन कर दिया। इसके बाद पिक आवर में शौकीनों की भीड़ टूट पड़ी।
निजी संस्थानों के बंद होने से फायदा
रायपुर बंद के दौरान निजी संस्थानों में तालाबंदी की वजह से ज्यादातर लोग घर पर ही है। तिहाड़ी मजदूरी करने वाले भी छुट्टी मनाते दिखे। इनके बीच शराब के शौकीनों ने मौसम बनते ही आबकारी की बिक्री बढ़ाई। देशी शराब दुकानों में शाम पांच बजे के बाद अच्छी खासी भीड़ रही।
कीमत से ज्यादा भी वसूल कर लिया
कई शराब दुकानों में बंद के बहाने शुरूआत में ही ओवर रेट में शराब बेचने की खबरें बाहर आई है। एक शौकीन ने बताया, सुबह वह तेलीबांधा शराब दुकान पहुंचा था। बंद होने की बात कहते हुए कर्मचारियों ने उसे 120 रुपये का पव्वा दो सौ रुपये में थमा दिया। इसी तरह से दूसरे जगहों में भी शटर गिराने की जल्दबाजी के बहाने ओवर रेट वसूल किया गया। हालांकि किसी भी सर्किल अफसरों को शिकायत नहीं की गई।
दुकानों की बिक्री में थोड़ा बहुत फर्क
प्रदर्शनकारियों की वजह से दुकान बंद कर दिया गया था। दोपहर दो बजे के बाद दोबारा बिक्री शुरू की। बिक्री के ग्राफ में थोड़ा बहुत फर्क पड़ा। अभी बिक्री का पूरा हिसाब होना बाकी है।
- अनिमेष नेताम,
जिला आबकारी उपायुक्त