रायपुर

कांग्रेस संगठन चुनाव में किचकिच बीआरओ की सूची होगी संशोधित
02-Jul-2022 5:47 PM
कांग्रेस संगठन चुनाव में किचकिच बीआरओ की सूची होगी संशोधित

सीएम ने बैठक में जताई थी नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 जुलाई। प्रदेश कांग्रेस के संगठन चुनाव को लेकर किचकिच चल रही है। ब्लॉक अध्यक्षों के चुनाव के लिए बीआरओ की सूची लफड़े में फंस गई है। कई विधायकों, और प्रमुख नेताओं की आपत्तियों के बाद सूची संशोधित कर जारी की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि बीआरओ की सूची में संशोधन की जरूरत है। कई तरह की आपत्तियां हैं। मसलन, जिले के रहवासी को उसी जिले में बीआरओ बना दिया गया है। इन त्रुटियों को सुधारकर फिर अनुमति लेकर सूची जारी की जाएगी।

बताया गया कि प्रदेश कांग्रेस संगठन के 307 ब्लॉक हैं। ब्लॉक के चुनाव के लिए बीआरओ की नियुक्ति की गई थी। मगर सूची जारी नहीं हो पाई। जबकि एआईसीसी ने सूची को अनुमोदित कर पीसीसी को भेज दिया था। शुक्रवार को पीसीसी की बैठक में सीएम भूपेश बघेल ने सूची जारी न होने पर नाराजगी जाहिर की थी। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, और सीएम की नाराजगी के बाद बीआरओ की सूची को जारी करने की तैयारी चल रही है।

बताया गया कि मंत्री-विधायक, और सीनियर नेता अपने इलाके में पसंद का ब्लॉक अध्यक्ष चाहते हैं। इसके लिए बीआरओ के नाम भी दिए थे। कहा जा रहा है कि कई नाम शामिल नहीं हुए। यही नहीं, कुछ नाम ऐसे भी हैं जिनके बारे में स्थानीय नेताओं को जानकारी नहीं है। बताया गया कि ऐसे सभी नामों को छांटकर विधायकों, और अन्य प्रमुख नेताओं से नाम लेकर सूची संशोधित की जाएगी, और फिर एआईसीसी की अनुमति के बाद संशोधित सूची जारी की जाएगी। चर्चा है कि सूची जारी होने में पखवाड़ेभर का समय लग सकता है।

तीन जिलाध्यक्षों को हटाने पर भी विचार

प्रदेश कांग्रेस संगठन तीन जिलाध्यक्षों को बदलने पर विचार कर रहा है। इसमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता, राजनांदगांव शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, और बिलासपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी हैं। उनकी जगह नए अध्यक्ष तय करने पर मंथन हो रहा है।

सीएम श्री बघेल ने मनोज गुप्ता को तुरंत बदलने के लिए कहा था। मरवाही चुनाव के दौरान गुप्ता की भूमिका अच्छी नहीं थी। मगर अलग-अलग कारणों से उन्हें हटाया नहीं जा सका। इस पर सीएम ने नाराजगी जताई थी। कहा जा रहा है कि जिलाध्यक्षों के चुनाव के दौरान ही इन तीनों को बदला जाएगा।


अन्य पोस्ट